राँची के पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में जुटी पुलिस

News Saga Desk

राजधानी रांची में एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। इस बार रातू रोड स्थित गैलेक्सिया मॉल में संचालित पासपोर्ट कार्यालय को निशाना बनाते हुए अज्ञात अपराधियों ने ईमेल के माध्यम से धमकी भेजी। मेल में पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में पुलिस टीम और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर की जांच में जुट गया।

मॉल परिसर के हर हिस्से की हुई सघन तलाशी

पुलिस और बीडीएस की टीम ने पासपोर्ट कार्यालय के अंदर और आसपास के इलाके की बारीकी से तलाशी ली। इसके साथ ही गैलेक्सिया मॉल के विभिन्न हिस्सों में भी सर्च अभियान चलाया गया। सुरक्षा के मद्देनजर कुछ समय के लिए पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई। कई घंटों तक चली जांच के दौरान कहीं से भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली, जिसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। हालांकि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी रखी गई है।

धमकी भरा ईमेल भेजने वाले की तलाश

पुलिस अब उस ईमेल की तकनीकी जांच में जुटी है, जिसके जरिए धमकी दी गई थी। साइबर टीम की मदद से मेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान और लोकेशन का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच के आधार पर जल्द ही महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।

पिछले सप्ताह सिविल कोर्ट को भी मिली थी धमकी

बता दें कि पिछले सप्ताह भी रांची में इसी तरह की घटना सामने आई थी। उस समय रांची सिविल कोर्ट को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। अज्ञात व्यक्ति ने आरडीएक्स से विस्फोट करने की बात कही थी। उस मामले में भी पुलिस और प्रशासन ने कोर्ट परिसर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया था, लेकिन वहां भी कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली थी। लगातार मिल रही ऐसी धमकियों के बाद रांची में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हो गई हैं और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

Read More News

Read More