News Saga Desk
अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में बुधवार सुबह कई प्रमुख स्कूलों को बम धमाके की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी भरे ईमेल मिलने के तुरंत बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने मोर्चा संभालते हुए संबंधित स्कूल परिसरों में सघन तलाशी अभियान चलाया। फिलहाल किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 8:35 बजे भेजे गए ईमेल में दोपहर 1:11 बजे बम धमाके की बात कही गई थी। ईमेल में स्कूलों के अलावा साबरमती जेल का भी उल्लेख किया गया था। धमकी भरे संदेश में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और साबरमती जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम भी शामिल था, जिससे मामले की गंभीरता बढ़ गई।
प्रारंभिक जांच में ईमेल की भाषा और संदर्भ को देखते हुए इसे खालिस्तानी आतंकी तत्वों से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि धमकी के पीछे किस संगठन या व्यक्ति का हाथ हो सकता है।
जिन स्कूलों को धमकी मिली है, उनमें जेबर स्कूल, महाराजा अग्रसेन स्कूल, डीएवी इंटरनेशनल स्कूल और जायड्स विद्यालय शामिल हैं। पुलिस ने सभी स्कूलों में छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सतर्कता बढ़ा दी है।
अहमदाबाद शहर पुलिस के संयुक्त आयुक्त शरद सिंघल ने बताया कि फिलहाल किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं और ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर टीम जांच में जुटी हुई है।
गौरतलब है कि अहमदाबाद में इससे पहले भी इस तरह की बम धमकी के मामले सामने आ चुके हैं। एक पुराने मामले में पुलिस ने जांच के बाद एक महिला को गिरफ्तार किया था, जिसने निजी कारणों से फर्जी धमकी भरा ईमेल भेजा था। इस बार धमकी में हाई-प्रोफाइल नामों का उल्लेख होने के कारण पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है।
No Comment! Be the first one.