दिल्ली में IPS अधिकारी से सरेआम लूटपाट: नकदी और लैपटॉप लेकर फरार हुए बदमाश

News Saga Desk

नई दिल्ली।   अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे। हाल ही में दिल्ली के बुराड़ी फ्लाइओवर पर झारखंड कैडर के एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी से दिनदहाड़े लूट की घटना सामने आई है। ठक-ठक गिरोह के सदस्यों ने अधिकारी को झांसे में लेकर उनका बैग छीन लिया, जिसमें 95 हजार रुपये नकद और एक लैपटॉप था। बताया गया है कि घटना के समय अधिकारी सादी वर्दी में थे और अपने ड्राइवर के साथ एक निजी वाहन से घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक बाइक सवार ने उन्हें रुकने का इशारा किया और कहा कि उनकी कार से तेल रिस रहा है। जब अधिकारी ने कार रोकी और नीचे उतरकर स्थिति देखने लगे, तभी दो अन्य बाइक सवार मौके पर पहुंचे। उनमें से एक ने अधिकारी की कार का दरवाजा खोलकर बैग छीन लिया। 

अधिकारी ने जब विरोध करने की कोशिश की तो उन्हें धक्का दिया गया, जिससे उन्हें हल्की चोटें आईं। लूट के करीब दस मिनट बाद, आरोपी फिर उसी स्थान पर लौटे और कार के सामने डिवाइडर पर बैग छोड़कर फरार हो गए। हालांकि बैग से नकदी गायब थी, लेकिन लैपटॉप बरामद हो गया। पीड़ित अधिकारी वर्तमान में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत हैं। वे झारखंड में कई जिलों में पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ पदों पर तैनात रह चुके हैं।

घटना के बाद अधिकारी ने पास के एक निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया और अगले दिन थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।


Read More News

Read More