राजपाल संतोष गंगवार, हेमंत सोरेन और बाबुलाल मरांडी ने दी छठ महापर्व की शुभकामनाएं
News Saga Desk
रांची। छठ महापर्व की शुरूआत आज नहाय-खाय के साथ हो गयी है। सुबह से ही श्रद्धालु पवित्रता और भक्ति भाव के साथ गंगा और अन्य नदियों में स्नान कर भगवान सूर्य और छठी मईया की आराधना कर रहे हैं। इसी के साथ चार दिनों तक चलने वाले इस महान पर्व की विधिवत शुरूआत हो गयी है। नहाय-खाय के दिन व्रती घर की सफाई कर शुद्ध भोजन बनाते हैं। लौकी-भात और चने की दाल का प्रसाद ग्रहण कर व्रत की शुरूआत की जाती है। इसके बाद व्रती अगले दिनों तक कठोर नियमों और उपवास का पालन करते हैं। घाटों और घरों में आस्था का माहौल नजर आ रहा है। महिलाएं पूजा की तैयारियों में जुटी हैं, जबकि पुरुष घाटों की सफाई और सजावट में लगे हैं। प्रशासन की ओर से भी घाटों पर सुरक्षा और स्वच्छता के विशेष इंतजाम किये गये हैं। छठ पूजा न केवल सूर्य उपासना का पर्व है, बल्कि यह लोक आस्था, परिवार की सुख-समृद्धि और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक भी माना जाता है।
राजपाल संतोष गंगवार ने दी छठ महापर्व की शुभकामनाएं
राजपाल संतोष गंगवार ने लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के प्रथम अनुष्ठान नहाय-खाय पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि भगवान भास्कर और छठी मईया सभी व्रतियों एवं भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करें और सभी के जीवन में सुख, शांति व समृद्धि लाएं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी छठ महापर्व की शुभकामनाएं, कहा – यह पर्व देता है शुद्धता और एकता का संदेश
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने छठ महापर्व के शुभारंभ पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि आज नहाय-खाय के पावन अनुष्ठान के साथ लोक आस्था और सूर्य उपासना के इस महान पर्व की शुरूआत हो रही है। यह महापर्व हमारे जीवन में शुद्धता, श्रद्धा, संयम, समर्पण, संकल्प, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक एकता का अद्भुत संदेश देता है। मुख्यमंत्री ने छठी मईया और भगवान भास्कर से प्रार्थना की है कि सभी व्रतियों और उनके परिवारजनों को उत्तम स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमारे राज्य और देश में खुशहाली, सद्भाव और नई ऊर्जा का संचार करे।
बाबूलाल मरांडी ने दी छठ पूजा की शुभकामनाएं
भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के प्रथम अनुष्ठान नहाय-खाय पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह पर्व श्रद्धा, शुद्धता और समर्पण का प्रतीक है। भगवान भास्कर और छठी मईया सभी व्रतियों को सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद दें।
No Comment! Be the first one.