News Saga Desk
पटना। राजधानी पटना को आज एक बड़ी सौगात मिली। CM नीतीश कुमार ने सोमवार को अशोक राजपथ पर पटना के पहले डबल डेकर फ्लाईओवर का उद्घाटन किया। इस फ्लाईओवर के चालू हो जाने से कारगिल चौक से एनआईटी मोड़ तक की 2.2 किलोमीटर की यात्रा अब बिना रुके संभव होगी। साथ ही, यह फ्लाईओवर शहरवासियों को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत देगा।

डबल डेकर फ्लाईओवर जनता को समर्पित
बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड ने इस दो-लेन डबल डेकर फ्लाईओवर के निर्माण किया है। इसमें 422 करोड़ रुपये की लागत आई है। इसका शिलान्यास CM ने 4 सितंबर, 2021 को किया था। उद्घाटन समारोह में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, सांसद रविशंकर प्रसाद और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
स्थानीय आवागमन को भी सहूलियत
फ्लाईओवर के समानांतर 5.50 मीटर चौड़ी दो सर्विस लेन भी बनाई गई हैं, जिससे स्थानीय आवागमन सुगम होगा। यह फ्लाईओवर खासतौर पर पीएमसीएच अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए राहतदायक साबित होगा, जिन्हें अब जाम में फंसने की परेशानी नहीं होगी।

पटना के बुनियादी ढांचे में मील का पत्थर
CM नीतीश कुमार ने इस मौके पर कहा कि पटना की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए लगातार काम हो रहा है। यह फ्लाईओवर इसी दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। डबल डेकर फ्लाईओवर का यह प्रोजेक्ट न केवल आधुनिक शहरी परिवहन का उदाहरण है, बल्कि यह पटना की बुनियादी ढांचे को नई दिशा देने वाला एक मील का पत्थर भी है।
No Comment! Be the first one.