News Saga Desk
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन गुरुवार को स्विट्ज़रलैंड के प्रमुख शहर ज्यूरिख पहुंचे। ज्यूरिख एयरपोर्ट पर भारत के राजदूत मृदुल कुमार ने दोनों का स्वागत किया। मुख्यमंत्री 19 से 21 जनवरी तक दावोस में होने वाले वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में भाग लेने वाले हैं।
स्विट्ज़रलैंड पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि भारतीय राजदूत से मुलाकात सुखद रही। उन्होंने बताया कि दावोस में वह झारखंड और देश का प्रतिनिधित्व करेंगे और उनका विशेष जोर पर्यावरण के साथ संतुलन बनाकर विकास तथा समावेशी प्रगति पर रहेगा।

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में 11 सदस्यीय झारखंड प्रतिनिधिमंडल वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में शामिल होगा। इस दौरान झारखंड सरकार राज्य की निवेश संभावनाओं, औद्योगिक नीति, खनन क्षेत्र, पर्यटन और सतत विकास से जुड़ी योजनाओं को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने प्रस्तुत करेगी। प्रतिनिधिमंडल में कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और विभागीय सचिव शामिल हैं। मुख्य सचिव अविनाश कुमार, वित्त सचिव प्रशांत कुमार और खान सचिव अरवा राजकमल भी स्विट्ज़रलैंड पहुंच चुके हैं।
दावोस सम्मेलन के समापन के बाद 21 जनवरी से झारखंड प्रतिनिधिमंडल यूनाइटेड किंगडम के दौरे पर रवाना होगा। 26 जनवरी तक चलने वाले इस दौरे के दौरान व्यापार, शिक्षा, कौशल विकास और तकनीकी सहयोग से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया जाएगा। इस विदेश दौरे का उद्देश्य झारखंड को वैश्विक निवेश और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के नए अवसरों से जोड़ना है।
No Comment! Be the first one.