News Saga Desk
रांची: लापता बच्चों अंश और अंशिका की सुरक्षित बरामदगी के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राहत और खुशी जाहिर की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर रांची पुलिस और झारखंड पुलिस की कार्यकुशलता की प्रशंसा की और बच्चों के परिजनों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में लिखा कि अपहरणकर्ताओं के चंगुल से दो मासूम जिंदगियां आज़ाद हो गई हैं। उन्होंने कहा कि यह मामला उन्हें व्यक्तिगत रूप से भी बेहद परेशान कर रहा था। शुरुआती दिनों में जांच में कठिनाइयों के बावजूद पुलिस ने धैर्य और सूझबूझ के साथ काम किया और दूसरे राज्यों में हुई इसी तरह की घटनाओं से तार जोड़ते हुए अपराधियों तक पहुंच बनाई।

हेमंत सोरेन ने इस पूरी कार्रवाई को सराहनीय बताते हुए स्पष्ट किया कि जांच यहीं समाप्त नहीं होगी। उन्होंने कहा कि राज्य के भीतर और बाहर घटित ऐसी घटनाओं की गहन जांच की जाएगी और अपहरण से जुड़े संगठित गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उनकी कमर तोड़ी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि बच्चों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह के अपराधों के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने रांची पुलिस और झारखंड पुलिस की पूरी टीम को तत्परता और पेशेवर ढंग से काम करने के लिए बधाई दी।
बच्चों की सकुशल बरामदगी से इलाके में राहत का माहौल है। परिजनों ने भी पुलिस और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। यह मामला राज्य में बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता और सख्त कार्रवाई की आवश्यकता को एक बार फिर रेखांकित करता है।
No Comment! Be the first one.