सीएम महिला रोजगार योजना, 28 नवंबर को 10 लाख महिलाओं को मिलेंगे 10-10 हजार, रोजगार मूल्यांकन शुरू

News Saga Desk

पटना। बिहार सरकार 28 नवंबर को सीएम महिला रोजगार योजना के तहत 10 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये ट्रांसफर करने जा रही है। इनमें 9.50 लाख ग्रामीण और 50 हजार शहरी क्षेत्र की महिलाएं शामिल होंगी, जो जीविका समूह से जुड़ी हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वयं डीबीटी के माध्यम से राशि भेजेंगे। सरकार पहले चरण में लाभ प्राप्त कर चुकी महिलाओं के रोजगार मूल्यांकन की प्रक्रिया भी शुरू कर चुकी है। जिला परियोजना विभाग (जीविका) की टीम घर-घर जाकर यह पता लगाएगी कि महिलाएं किस व्यवसाय में लगी हैं और योजना का लाभ कितना उपयोग हो रहा है।

अब तक इस योजना के तहत 1 करोड़ 40 लाख महिलाओं के खातों में 10-10 हजार रुपये भेजे जा चुके हैं। अब 10 लाख और महिलाओं को भुगतान किया जाएगा, जबकि शेष लाभार्थियों को भी चरणवार राशि देने की तैयारी है। ग्रामीण महिलाओं ने ऑफलाइन और शहरी महिलाओं ने ऑनलाइन आवेदन किया है। वहीं, जीविका समूह से जुड़ी 13 लाख महिलाएं हाल में की गई प्रक्रिया के दौरान ऑनलाइन आवेदन कर चुकी हैं।

सिवान में मूल्यांकन कार्य की शुरुआत हो चुकी है। गुठनी प्रखंड में 16,369 महिलाओं को कुल 12 करोड़ रुपये की सहायता देकर रोजगार शुरू करवाया गया है। अब इनके व्यवसाय का मूल्यांकन किया जा रहा है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर दूसरी किस्त के रूप में 2 लाख रुपये तक की सहायता दी जा सके। प्रखंड परियोजना पदाधिकारी सुजीत कुमार ने बताया कि रोजगार की स्थिरता और सफलता के आधार पर ही आगे की किस्त जारी की जाएगी।

विभाग ने दो माह में सभी लाभार्थियों के रोजगार मूल्यांकन का लक्ष्य तय किया है। ग्राम संगठन से पंचायत स्तर तक कैंप लगाकर महिलाओं को योजना से जोड़ने का कार्य जारी है। सरकार का लक्ष्य है कि 31 दिसंबर तक सभी पात्र महिलाओं के खातों में राशि भेज दी जाए। प्रखंड में 1361 जीविका समूहों से जुड़ी 6 हजार से अधिक महिलाएं विभिन्न आजीविका गतिविधियों से आय अर्जित कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है—जो महिलाएं राशि प्राप्त करने के बाद भी रोजगार से नहीं जुड़ीं, उन्हें अगली किस्त नहीं मिलेगी; जबकि व्यवसाय कर रहीं महिलाओं को आगे और मदद प्रदान की जाएगी।

Read More News

Read More