झारखंड में कड़ाके की ठंड का असर जारी, 8 जनवरी को 13 जिलों में शीतलहर का अलर्ट

News Saga Desk

रांची समेत पूरे झारखंड में हाड़ कंपाने वाली ठंड का दौर लगातार जारी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं 8 जनवरी को रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला में शीतलहर चलने की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान चाईबासा में 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान खूंटी में 2.1 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री दर्ज किया गया।

अन्य जिलों की बात करें तो जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान 7.7, डालटनगंज में 4.1, बोकारो में 6.7, चाईबासा में 5.5, लोहरदगा में 3.7, लातेहार में 8.6, सरायकेला में 5.4 और पाकुड़ में 7.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

रांची और आसपास का मौसम पूर्वानुमान:

मौसम विभाग के अनुसार 8 जनवरी को रांची और आसपास के क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 22 और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 9 जनवरी को अधिकतम 22 और न्यूनतम 7 डिग्री, 10 जनवरी को अधिकतम 21 और न्यूनतम 9 डिग्री तथा 11 जनवरी को अधिकतम 22 और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

लगातार बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Read More News

Read More