झारखंड में शीतलहर का असर बरकरार, 8 जनवरी तक स्कूल बंद; तीन दिन बाद तापमान बढ़ने की उम्मीद

News Saga Desk

झारखंड में कड़ाके की ठंड और शीतलहर से लोगों की परेशानी बनी हुई है। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों के बाद न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे ठंड से कुछ राहत मिलने की संभावना है। फिलहाल बीते 24 घंटे में राज्य के कई हिस्सों में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस गिरकर 6.6 डिग्री पहुंच गया। वहीं मेदिनीनगर में 5.4 डिग्री की गिरावट के साथ न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री, बोकारो में 3.1 डिग्री गिरकर 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा लोहरदगा में न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री और कांके में 5.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

कड़ाके की ठंड को देखते हुए स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने राज्य के सभी कोटि के सरकारी, गैर-सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों को 8 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन विद्यालयों में प्री-बोर्ड परीक्षा निर्धारित है, वहां संबंधित सक्षम प्राधिकार अपने विवेक से परीक्षा संचालन को लेकर निर्णय ले सकेंगे।

इधर, हजारीबाग में आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन समय में बदलाव किया गया है। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी शिप्रा सिन्हा के अनुसार, आंगनबाड़ी केंद्र अब सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक संचालित होंगे। इसके साथ ही जिले के सभी स्कूल भी 8 जनवरी तक बंद रहेंगे।

शीतलहर का असर गुमला जिले में भी साफ दिखाई दे रहा है। ठंड को देखते हुए वहां सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों में तीन दिनों की अतिरिक्त छुट्टी बढ़ा दी गई है। जिला शिक्षा अधीक्षक के आदेश के अनुसार, केजी से लेकर कक्षा 12वीं तक की कक्षाएं 6 से 8 जनवरी 2026 तक बंद रहेंगी। हालांकि इस अवधि में सभी सरकारी विद्यालयों के शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।

लगातार गिरते तापमान के कारण बच्चे ठिठुरते हुए स्कूल पहुंच रहे थे और लंबे समय से अवकाश की मांग की जा रही थी। हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने एहतियातन 8 जनवरी तक सभी स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया है।

Read More News

Read More