ठंड ने बढ़ाई परेशानी, दिसंबर की शुरुआत में ही ठिठुरने लगा बिहार

News Saga Desk

बिहार में दिसंबर के पहले हफ्ते से ही मौसम का रुख बदल गया है। सुबह और शाम के समय लोगों को ठंड तेज महसूस होने लगी है और कई जिलों में घना कोहरा छाने लगा है। गुरुवार को पटना, बेगूसराय, किशनगंज, बेतिया, बगहा और गोपालगंज सहित 10 से ज्यादा शहरों में विजिबिलिटी काफी कम हो गई।

राज्य के आठ जिलों में तापमान 11 डिग्री के आसपास पहुंच चुका है, जबकि भागलपुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में सर्दी और बढ़ेगी और न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट जारी रहेगी।

अगले 48 घंटे घना कोहरा, यातायात पर असर की चेतावनी

मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए बताया कि अगले दो दिनों तक सुबह और देर शाम कई जिलों में घना कोहरा रहेगा। खासकर उत्तर बिहार में इसके कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। हालांकि अभी शीतलहर की स्थिति नहीं बनेगी, लेकिन रात के तापमान में गिरावट जारी रहेगी।

20 दिसंबर के बाद बढ़ेगी कड़ाके की ठंड

मौसम विभाग के अनुसार दिसंबर के तीसरे सप्ताह से प्रदेश में कड़ाके की सर्दी शुरू हो जाएगी।

पहले सप्ताह में 1–3 डिग्री तक गिरावट हो सकती है

दूसरे सप्ताह में कई जिलों में तापमान 9 डिग्री से नीचे जा सकता है

तीसरे सप्ताह तक तापमान 7 डिग्री या उससे नीचे पहुंचने का अनुमान है

महीने के अंतिम सप्ताह में शीतलहर चलने की संभावना है

पछुआ हवा का असर जारी

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पछुआ हवाओं के चलते रात के तापमान में तेजी से गिरावट हो रही है। 20 दिसंबर के बाद सर्दी और कड़ी हो सकती है।

पटना में गिरा पारा, भागलपुर बना सबसे ठंडा शहर

राजधानी पटना में न्यूनतम तापमान लगातार नीचे जा रहा है और जल्द ही 10 डिग्री से नीचे पहुंच सकता है। वहीं भागलपुर के सबौर में राज्य का सबसे कम तापमान 09.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। औरंगाबाद में भी ठंड बढ़ने लगी है और वहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री दर्ज हुआ।


Read More News

Read More