कांग्रेस ने रांची में बनाई जिला राजनीतिक मामलों की समिति, सोमनाथ मुंडा बने अध्यक्ष

News Saga Desk

झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से राज्य के सभी जिलों में जिला राजनीतिक मामलों की समिति (District Political Affair Committee) का गठन किया है। इसी क्रम में रांची जिले के लिए भी नई समिति गठित की गई है।

रांची जिला समिति की कमान जिला कांग्रेस अध्यक्ष सोमनाथ मुंडा को सौंपी गई है। समिति में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, अनुभवी कार्यकर्ताओं और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शामिल किया गया है, ताकि संगठन के भीतर बेहतर संतुलन और प्रभावी समन्वय स्थापित किया जा सके।

18 सदस्यीय इस समिति में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की, सांसद कालीचरण महतो, मंत्री व विधायक शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक सुरेश बैठा, विधायक राजेश कश्यप, एसटी विभाग के जिलाध्यक्ष नीरज भोक्ता, जिला परिषद सदस्य हिना परवीन, नगर कांग्रेस अध्यक्ष कुमार राजा सहित अन्य नेता शामिल हैं।

यह समिति पार्टी के संगठनात्मक कार्यों, राजनीतिक गतिविधियों और कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा करेगी। साथ ही आपसी समन्वय बनाए रखने, मतभेदों के समाधान और कार्यकर्ताओं से संवाद को मजबूत करने की जिम्मेदारी भी निभाएगी।

समिति की बैठकें समय-समय पर आयोजित की जाएंगी, जिनमें पार्टी के प्रदर्शन, जनसरोकारों और आगामी रणनीतियों पर चर्चा होगी। इन बैठकों की रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भी भेजी जाएगी।

Read More News

Read More