News Saga Desk
राजधानी रांची स्थित प्रदेश कांग्रेस भवन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव सह राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यालय सलाहकार प्रणव झा ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश सहित अन्य पदाधिकारी और कांग्रेस प्रवक्ता भी मौजूद रहे।
मीडिया को संबोधित करते हुए प्रणव झा ने कहा कि प्रस्तावित यूएस ट्रेड डील का देश पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बजट सत्र के दौरान इस समझौते को “बेहतरीन डील” बताकर प्रस्तुत कर रही है, जबकि वास्तविकता में यह अमेरिका के हित में अधिक है।
उन्होंने कहा कि सरकार दावा कर रही है कि टैरिफ 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है, लेकिन यह नहीं बताया जा रहा कि इससे पहले टैरिफ मात्र 3 प्रतिशत था। उनके अनुसार, इस आधार पर देखा जाए तो यह समझौता पहले की तुलना में छह गुना अधिक दर पर तय हुआ है।
प्रणव झा ने आगे कहा कि पहले भारत को लगभग 40 बिलियन डॉलर का लाभ होता था, लेकिन इस डील के बाद अमेरिका से 100 बिलियन डॉलर का आयात होने की संभावना है। उन्होंने चेतावनी दी कि इससे भारत, जो पहले व्यापार संतुलन में बेहतर स्थिति में था, अब घाटे में जा सकता है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि चीन के साथ भारत पहले से ही व्यापार घाटे की स्थिति में है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि इस समझौते का असर देश के किसानों पर भी पड़ेगा। विशेष रूप से मक्का और सोयाबीन उत्पादक किसानों को अमेरिकी किसानों से कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ सकता है।
No Comment! Be the first one.