पुनौरा धाम में भव्य सीता मंदिर का निर्माण जल्द, 942 करोड़ की परियोजना को मिली रफ्तार

News Saga Desk

सीतामढ़ी के पुनौरा धाम में माता सीता के जन्मस्थल पर भव्य सीता मंदिर के निर्माण की तैयारियां तेज हो गई हैं। खरमास के बाद मंदिर निर्माण का कार्य विधिवत शुरू किया जाएगा। इससे पहले कार्यकारी एजेंसी अहलूवालिया कॉन्ट्रैक्ट्स इंडिया लिमिटेड ने कंस्ट्रक्शन शेड सहित प्रारंभिक तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रस्तावित मंदिर का निर्माण अयोध्या के श्रीराम मंदिर की तर्ज पर किया जाएगा, जिसमें मौजूदा मंदिर संरचना का उन्नयन और नए भव्य भवनों का निर्माण शामिल है।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना की कॉन्ट्रैक्ट वैल्यू 942.38 करोड़ रुपये तय की गई है, जबकि निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए 42 महीने (करीब साढ़े तीन साल) की समय-सीमा निर्धारित की गई है। यह परियोजना रामायण सर्किट और मिथिला क्षेत्र के धार्मिक पर्यटन के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है।

अधिकारियों ने किया स्थल निरीक्षण

बुधवार को पर्यटन विभाग के अभियंता कुणाल कुमार बसाक की मौजूदगी में अहलूवालिया कॉन्ट्रैक्ट्स के अधिकारियों ने पुनौरा धाम पहुंचकर स्थल निरीक्षण किया। कंपनी की ओर से ब्रजेश चौधरी, जितेंद्र सिंह, संकल्प वैभव, पांडव समेत अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने जमीन का गहन निरीक्षण किया और निर्माण से जुड़ी कार्ययोजनाओं पर चर्चा की। हाल ही में जिला स्थापना दिवस समारोह के दौरान कला, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने खरमास के बाद मंदिर निर्माण शुरू करने की घोषणा की थी।

परियोजना की मुख्य विशेषताएं

पुनौरा धाम में माता सीता के जन्मस्थान पर भव्य मंदिर और उसके आसपास व्यापक परिसर का विकास किया जाएगा। परियोजना के तहत पुराने मंदिर का नवीनीकरण, नए मंदिर भवनों का निर्माण और आधुनिक पर्यटन सुविधाओं का विकास शामिल है। यह प्रोजेक्ट राष्ट्रीय स्तर के ईपीसी (EPC) मानकों पर निष्पादित किया जाएगा।

मंदिर परिसर में होंगी आधुनिक सुविधाएं

परियोजना के तहत सीता वाटिका, लव-कुश वाटिका, परिक्रमा पथ, संग्रहालय, ऑडिटोरियम, धर्मशाला, पार्किंग, कैफेटेरिया समेत कई धार्मिक और पर्यटन सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही 10 वर्षों तक मंदिर और परिसर के रखरखाव (मेंटेनेंस) की जिम्मेदारी भी परियोजना में शामिल है।

पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

बिहार कैबिनेट पहले ही पुनौरा धाम-जानकी मंदिर के समग्र विकास के लिए लगभग 882.87 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दे चुकी है। इसमें मंदिर के नवीनीकरण, पर्यटन आधारभूत संरचना और दीर्घकालीन मेंटेनेंस की राशि शामिल है। मंदिर निर्माण के बाद सीतामढ़ी को देश-विदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है।

फाइव स्टार होटल का भी प्रस्ताव

पर्यटन विभाग ने मंदिर निर्माण के बाद बढ़ने वाले पर्यटकों को ध्यान में रखते हुए पुनौरा धाम क्षेत्र में फाइव स्टार होटल के निर्माण का प्रस्ताव भी रखा है। इसके लिए जिला प्रशासन से 15 से 20 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने को कहा गया है।

भूमि अधिग्रहण और सीमांकन पूरा

जिलाधिकारी रिची पांडेय ने बताया कि मंदिर निर्माण के लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण और सीमांकन का कार्य पूरा कर लिया गया है। जल जमाव वाले कुछ क्षेत्रों का सीमांकन भी जल्द पूरा किया जाएगा। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि माता सीता मंदिर निर्माण परियोजना तेजी से आगे बढ़ेगी और तय समय में इसे पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

Read More News

Read More