दिल्ली में AQI 400 पार, GRAP-3 लागू : निर्माण, उद्योग और वाहनों पर सख्त पाबंदियां

News Saga Desk

दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। राजधानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार चला गया, जिसके बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने GRAP-3 को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है। कई इलाके रेड जोन में दर्ज किए गए हैं। वजीरपुर सबसे अधिक प्रभावित रहा, जहां AQI 443 रिकॉर्ड किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है।

बढ़ते प्रदूषण और स्वास्थ्य जोखिमों को देखते हुए CAQM ने GRAP-3 के तहत कड़े प्रतिबंध लागू किए हैं, ताकि हालात और न बिगड़ें।

निर्माण और विध्वंस कार्यों पर रोक

GRAP-3 लागू होने के बाद गैर-जरूरी निर्माण और तोड़फोड़ से जुड़े सभी कार्यों पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। इसमें मिट्टी का काम, पाइलिंग, खुदाई, वेल्डिंग, पेंटिंग, प्लास्टरिंग, टाइल्स और फ्लोरिंग जैसे काम शामिल हैं। रेडी-मिक्स कंक्रीट (RMC) प्लांट्स बंद रहेंगे और सीमेंट, रेत व फ्लाई ऐश के परिवहन पर भी प्रतिबंध रहेगा। हालांकि मेट्रो, एयरपोर्ट, रक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरी परियोजनाओं को धूल नियंत्रण उपायों के साथ छूट दी गई है।

उद्योग और खनन गतिविधियां ठप

कोयला, लकड़ी और अन्य प्रदूषणकारी ईंधन से चलने वाले उद्योगों का संचालन निलंबित कर दिया गया है। स्टोन क्रशर बंद रहेंगे और कोयला या लिग्नाइट आधारित थर्मल पावर प्लांट्स पर भी रोक लगाई गई है। पूरे एनसीआर क्षेत्र में खनन और उससे जुड़ी गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा।

वाहनों पर कड़ी पाबंदी

दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर में BS-III पेट्रोल और BS-IV डीजल चार पहिया वाहनों (LMV) के संचालन पर रोक रहेगी। दिल्ली में पुराने डीजल गुड्स वाहनों पर भी प्रतिबंध लगाया गया है, हालांकि दिव्यांग व्यक्तियों को छूट दी गई है। इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर डीजल जनरेटर सेट्स के इस्तेमाल पर भी पाबंदी रहेगी।

स्कूल और दफ्तरों के लिए नए नियम

कक्षा 5 तक के छात्रों के लिए ऑनलाइन या हाइब्रिड पढ़ाई अनिवार्य कर दी गई है। इससे ऊपर की कक्षाओं में ऑफलाइन कक्षाएं जारी रहेंगी, लेकिन मास्क और अन्य सावधानियों का पालन जरूरी होगा। सरकारी, नगर निगम और निजी कार्यालयों में 50 प्रतिशत कर्मचारियों की उपस्थिति की अनुमति दी गई है, जबकि शेष कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम करना होगा। केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों को लेकर अलग निर्देश जारी कर सकती है

CAQM ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रदूषण कम करने में सहयोग करें।

Read More News

रामनवमी से पहले रांची में हाई अलर्ट, डीजीपी की बैठक में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सख्त निर्देश

राजधानी रांची में आगामी रामनवमी पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में...

उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के दौरे से पहले रांची-खूंटी में हाई अलर्ट, 22 पुलिस अधिकारी तैनात

रांची: उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के 28 मार्च को प्रस्तावित रांची और खूंटी दौरे को लेकर झारखंड...

Read More