News Saga Desk
नई दिल्ली : उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का असर जनजीवन के साथ-साथ यातायात व्यवस्था पर भी साफ दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 31 दिसंबर तक कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। बेहद कम दृश्यता के कारण रेल और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। देशभर में 100 से अधिक ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जबकि कई ट्रेनों को मार्ग बदलकर चलाया जा रहा है।
घने कोहरे के चलते कुछ प्रमुख ट्रेनों को डाइवर्ट किया गया है, जिनमें अंडमान एक्सप्रेस (16032), झेलम एक्सप्रेस (11078) और जम्मू तवी हमसफर एक्सप्रेस (12751) शामिल हैं। वहीं कई प्रमुख ट्रेनें घंटों की देरी से अपने गंतव्य की ओर बढ़ रही हैं।
देरी से चल रही ट्रेनों में प्रयागराज एक्सप्रेस करीब 5 घंटे, रीवा-आनंद विहार एक्सप्रेस लगभग 9 घंटे और न्यू दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस 5 घंटे से अधिक लेट चल रही है। इसके अलावा महाबोधि एक्सप्रेस, विक्रमशिला एक्सप्रेस, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, कैफियत एक्सप्रेस और ऊंचाहार एक्सप्रेस जैसी कई ट्रेनें भी 4 से 11 घंटे तक की देरी से प्रभावित हैं।
कोहरे का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। इंडिगो और स्पाइसजेट सहित कई एयरलाइंस ने ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइंस के अनुसार अमृतसर, चंडीगढ़, रांची, हिंडन, अगरतला, बागडोगरा और दरभंगा एयरपोर्ट पर मौसम बेहद खराब है, जिससे आने वाले दिनों में भी उड़ानों पर असर पड़ सकता है।
उत्तर प्रदेश में स्थिति और भी गंभीर बनी हुई है। शुक्रवार सुबह प्रदेश के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा, जहां कुछ स्थानों पर विजिबिलिटी शून्य दर्ज की गई। बरेली, गोरखपुर, कुशीनगर और कानपुर में हालात सबसे ज्यादा खराब रहे। वहीं लखनऊ एयरपोर्ट, बहराइच, फतेहगढ़, कानपुर शहर और हरदोई में दृश्यता मात्र 20 मीटर के आसपास रही, जिससे सड़क और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है और कहा है कि कोहरे के कारण यात्रा करने वालों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
No Comment! Be the first one.