News Saga Desk
नई दिल्ली : ईरान में बिगड़ते सुरक्षा हालात को देखते हुए भारत सरकार ने वहां रह रहे अपने नागरिकों को जल्द से जल्द देश छोड़ने की सलाह दी है। भारतीय दूतावास ने कहा है कि नागरिक सुरक्षा के मद्देनजर वाणिज्यिक उड़ानों समेत उपलब्ध सभी परिवहन साधनों का उपयोग कर ईरान से बाहर निकलें।
तेहरान सहित कई क्षेत्रों में फिर से शुरू हुए विरोध प्रदर्शनों और अमेरिका की संभावित सैन्य कार्रवाई की आशंकाओं के बीच यह नई एडवाइजरी जारी की गई है। हाल ही में ईरान की कई यूनिवर्सिटी में छात्रों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किए, जो पिछले महीने प्रदर्शनकारियों पर हुई कड़ी कार्रवाई के बाद इस तरह का पहला बड़ा आंदोलन है।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, जनवरी तक ईरान में छात्रों समेत 10 हजार से अधिक भारतीय रह रहे थे। दूतावास ने पांच जनवरी को जारी पूर्व सलाह का हवाला देते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए सभी भारतीय नागरिक—छात्र, तीर्थयात्री, व्यापारी और पर्यटक—जितनी जल्दी संभव हो, देश छोड़ दें।
दूतावास ने भारतीयों और भारतीय मूल के लोगों (PIO) से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्हें विरोध-प्रदर्शन या रैलियों वाले इलाकों से दूर रहने और लगातार भारतीय दूतावास के संपर्क में रहने की सलाह दी गई है।
एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि ईरान में मौजूद सभी भारतीय अपने पासपोर्ट, पहचान पत्र और अन्य यात्रा व आव्रजन दस्तावेज हमेशा अपने पास रखें। किसी भी आपात स्थिति या सहायता के लिए नागरिकों को भारतीय दूतावास से संपर्क करने के लिए कहा गया है।
No Comment! Be the first one.