NEWS SAGA DESK
कोलंबो (श्रीलंका): भीषण साइक्लोन के बाद श्रीलंका के कई गांवों में तबाही का मंजर अब भी दिख रहा है। बुधवार को लोग फावड़े से मिट्टी हटाकर अपने खोए हुए रिश्तेदारों और परिचितों की लाशें तलाशते दिखे। कुछ दिन पहले आए इस साइक्लोन ने आधी रात को कई इलाकों में लैंडस्लाइड कर दिया था, जिसमें कई घर पूरी तरह मिट गए। इस आपदा में 474 लोगों की मौत हो चुकी है। साइक्लोन दितवाह पिछले हफ्ते हिंद महासागर से होते हुए श्रीलंका पहुंचा। इससे मावथुरा के बीच के इलाके में भूस्खलन हुआ। वहां सिर्फ टूटी खिड़कियां, गिरी दीवारें और कीचड़ में दबा सामान ही बचा। पास के शहर में बेकरी चलाने वाले नील जयसिंघे ने बताया कि वे अपने चाचा, चाची और उनकी सास के शवों को निकालने में कामयाब हुए। उन्होंने कहा, “हमने उन्हें चादर में लपेटकर दफना दिया। ताबूत तक नहीं था।”
यह साइक्लोन हाल के उन खतरनाक तूफानों में शामिल था जिसने साउथ और साउथ-ईस्ट एशिया के कई देशों—इंडोनेशिया, मलेशिया और थाईलैंड—में भारी तबाही मचाई और सैकड़ों लोगों की जान ली।
सरकार के अनुसार, श्रीलंका में इस तूफान के बाद 350 से अधिक लोग अब भी लापता हैं। यह पिछले एक दशक की सबसे भयानक बाढ़ साबित हुई है, जिसमें करीब 1.2 मिलियन लोग प्रभावित हुए। 49 वर्षीय शांता कुमारा अपने हाथों से ईंटें हटाकर लाशें ढूंढते रहे। उन्होंने बताया कि वे अपनी पत्नी और तीन बच्चों को लेकर जैसे-तैसे सुरक्षित जगह पहुंचे, लेकिन लौटने पर उनका गांव बर्बाद मिल चुका था। गाम्पोला शहर में दुकानें गहरी कीचड़ में डूब गईं। इलेक्ट्रिकल रिपेयर की दुकान चलाने वाले 71 वर्षीय बी.एस. विक्रमसिंघे अपने बेटे की मदद से कीचड़ से सने रेडियो और टीवी हटाते दिखे। उन्होंने बताया कि 7 मिलियन श्रीलंकाई रुपये का नुकसान हुआ है। अधिकारियों के अनुसार, गाम्पोला और कैंडी साइक्लोन से सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों में हैं, जहां 118 लोगों की मौत हुई है। सरकारी संस्थान और वॉलंटियर मिलकर 27 राहत केंद्रों में 8,000 प्रभावित लोगों को भोजन, पानी, कपड़े और जरूरी सामान उपलब्ध कराने में लगे हैं। रीजनल अधिकारी चिंतानी हेराथ ने कहा कि भविष्य में यह भी तय करना होगा कि ऐसे संवेदनशील इलाकों में रहने वाली आबादी को सुरक्षित स्थानों पर बसाया जाए या नहीं। उन्होंने कहा कि सरकारी एजेंसियों की मदद से गांवों की स्थिति और लोकेशन का पुनर्मूल्यांकन करना होगा।
No Comment! Be the first one.