धनबाद कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर खाली कर पुलिस ने शुरू की सघन जांच

News Saga Desk

धनबाद: रांची और पटना के बाद अब धनबाद कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एहतियातन पूरे कोर्ट परिसर को तत्काल खाली करा दिया गया। सुरक्षा कारणों से परिसर स्थित सभी 28 कोर्ट भवनों को खाली कराया गया और न्यायिक कार्यों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया।

परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मौके पर सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और डीएसपी समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।

डॉग स्क्वॉड और मेटल डिटेक्टर से जांच

जानकारी के अनुसार, कोर्ट परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। डॉग स्क्वॉड और मेटल डिटेक्टर की मदद से सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध वस्तुओं की जांच की जा रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सुरक्षा एजेंसियां धमकी की सत्यता तथा उसके स्रोत का पता लगाने का प्रयास कर रही हैं।

पहले भी मिल चुकी है धमकी

गौरतलब है कि इससे पहले 12 फरवरी 2026 को रांची समाहरणालय (डीसी कार्यालय) को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया था। इससे पहले रांची सिविल कोर्ट को भी इसी तरह की धमकी दी जा चुकी है।

Read More News

Read More