News Saga Desk
धनबाद: नगर निकाय चुनाव के दौरान वार्ड संख्या 27 के बूथ संख्या 106, 110, 111 और 112 पर उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब दो पार्षद प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद बढ़कर हाथापाई में बदल गया।
आरोप-प्रत्यारोप से बढ़ा विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, पार्षद प्रत्याशी पुष्पा देवी और पिंकी देवी के समर्थकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो बाद में धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। पुष्पा देवी के पति संजय कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि पिंकी देवी की जेठानी उर्मिला देवी, जो संबंधित मतदान केंद्र पर बीएलओ के रूप में तैनात हैं, मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास कर रही थीं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके परिचित रमेश कुमार सिंह को प्रमोद कुमार यादव ने बूथ के बाहर निकाल दिया और सड़क किनारे खड़े लोगों के साथ मारपीट की गई।
वहीं, पिंकी देवी के अभिकर्ता प्रमोद कुमार यादव ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि संजय कुमार सिंह बाहरी लोगों को लाकर मतदान कराने की कोशिश कर रहे थे। उनका दावा है कि इसे रोकने पर ही विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई।
पुलिस के हस्तक्षेप से स्थिति सामान्य
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को बूथ परिसर से बाहर कर दिया। प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद स्थिति को नियंत्रण में ले लिया गया, जिसके बाद संबंधित बूथों पर मतदान प्रक्रिया पुनः शांतिपूर्वक शुरू हो गई।
No Comment! Be the first one.