भागलपुर में जाम पर सख्त DM, यातायात सुधार को लेकर अधिकारियों संग उच्चस्तरीय बैठक, अवैध पार्किंग पर होगी कार्रवाई

News Saga Desk

भागलपुर। शहर में लगातार बढ़ रहे यातायात जाम के मद्देनज़र जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने गुरुवार को समीक्षा भवन में महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त शुभम कुमार सहित राष्ट्रीय उच्च पथ 31 व 80 के अभियंताओं समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में विशेष रूप से खगड़िया–कुर्सेला हाईवे, विक्रमशिला सेतु तथा शहर के भीतरी इलाकों में होने वाली जाम की समस्या पर विस्तार से चर्चा हुई। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जल्द से जल्द शहर को जाम की समस्या से मुक्त करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को सड़क किनारे अवैध दुकान लगाने वालों पर तुरंत कार्रवाई करने का आदेश दिया। साथ ही निर्देश दिया कि दुकानों पर आने वाले लोग सड़क पर वाहन न खड़ा करें, इसके लिए सख्त निर्देश जारी किए जाएं।

डीएम ने अवैध पार्किंग हटाने के अभियान को और तेज करने पर जोर देते हुए कहा कि प्रशासन यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है, जिससे नागरिकों को बेहतर ट्रैफिक सुविधा मिल सके।

Read More News

Read More