कड़ाके की ठंड के चलते रांची में 9-10 जनवरी तक स्कूल बंद, शीतलहर का अलर्ट जारी

News Saga Desk

झारखंड के कई जिलों में शुक्रवार सुबह घना कोहरा और धुंध देखने को मिली। कनकनी भरी ठंड से जनजीवन प्रभावित है। मौसम विभाग की ओर से जारी ठंड और शीतलहर की चेतावनी को देखते हुए राजधानी रांची में 9 और 10 जनवरी को सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।

रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार, सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों में केजी से लेकर 12वीं तक की कक्षाएं दो दिनों तक स्थगित रहेंगी। हालांकि, सरकारी और गैर सरकारी अल्पसंख्यक स्कूलों में कार्यरत शिक्षक एवं कर्मियों को छुट्टी के दिनों में (रविवार को छोड़कर) निर्धारित समय पर उपस्थित होकर ई-वाहिनी पोर्टल पर अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी।

इधर, 11 जनवरी को रविवार और 12 जनवरी को सोहराई पर्व की छुट्टी होने के कारण सरकारी स्कूल अब 13 जनवरी से खुलेंगे।

राज्य में शीतलहर का असर जारी

पश्चिमी विक्षोभ के कारण झारखंड में ठंड का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने 9 जनवरी को राज्य के नौ जिलों—गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, रामगढ़ और बोकारो—में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। राज्य के सभी जिलों में सुबह के समय कोहरा और धुंध बनी रहेगी। दिन में मौसम शुष्क रहेगा और आकाश में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।

11 जनवरी से मौसम में सुधार के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार शुक्रवार और शनिवार से न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। 11 जनवरी से मौसम साफ रहने की संभावना है। गुरुवार को मेदिनीनगर में दृश्यता 300 मीटर और देवघर में 500 मीटर दर्ज की गई, जिससे विमान और रेल सेवाएं प्रभावित रहीं।

Read More News

Read More