News Saga Desk
रांची नगर निगम चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया के पहले दो दिनों तक समाहरणालय परिसर में स्थिति अपेक्षाकृत सामान्य रही। अधिकांश लोग केवल नामांकन पत्र खरीदने पहुंचे, जिससे भीड़ कम नजर आई। हालांकि मंगलवार को तस्वीर पूरी तरह बदल गई। सुबह से ही समाहरणालय के ए-ब्लॉक के बाहर प्रत्याशियों के काफिले पहुंचने लगे। समर्थक झंडा, बैनर और पोस्टर के साथ नारेबाजी करते दिखे और पूरा परिसर चुनावी माहौल में रंग गया। कई प्रत्याशी शक्ति प्रदर्शन के साथ नामांकन करने पहुंचे, जबकि कुछ ने सादगीपूर्ण तरीके से पर्चा दाखिल किया। बुधवार, चार फरवरी को नामांकन का अंतिम दिन होने के कारण मंगलवार को नामांकन करने वालों की संख्या ज्यादा रही और दिनभर गहमागहमी बनी रही।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, प्रशासन अलर्ट
भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। समाहरणालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई और बैरिकेडिंग के साथ प्रवेश पास की व्यवस्था लागू रही। प्रत्याशियों को निर्धारित मार्ग से ही नामांकन कक्ष तक भेजा गया। भीड़ के दबाव के कारण कुछ समय के लिए ए और बी ब्लॉक के मुख्य द्वार पर अव्यवस्था की स्थिति बनी, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों की तत्परता से हालात पर जल्द काबू पा लिया गया।
महिलाओं और युवाओं की उल्लेखनीय भागीदारी
नामांकन के दौरान आदर्श आचार संहिता के पालन पर प्रशासन की कड़ी नजर रही। इस बार नगर निकाय चुनाव में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी खास रही। बड़ी संख्या में महिला प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया, जो स्थानीय राजनीति में उनकी बढ़ती भूमिका को दर्शाता है। वहीं पहली बार चुनाव मैदान में उतरे युवाओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
मेयर पद के लिए 10 उम्मीदवारों ने भरा पर्चा
नामांकन के दूसरे दिन चुनावी सरगर्मी और तेज हो गई। मेयर पद के लिए कुल 10 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। झारखंड महिला कांग्रेस की अध्यक्ष और पूर्व मेयर रमा खलखो ने मेयर पद के लिए नामांकन किया। इस मौके पर मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुबोधकांत सहाय और बंधु तिर्की मौजूद रहे। मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि रमा खलखो के अनुभव से रांची शहर को मजबूत नेतृत्व मिलेगा। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी संजय टोप्पो ने भी मेयर पद के लिए नामांकन दाखिल किया। इसके अलावा बुंडू नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए तीन नामांकन पत्र भरे गए।
पार्षद पद के लिए 197 नामांकन
नगर निगम चुनाव में पार्षद पद के लिए कुल 197 नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जिनमें 118 महिला प्रत्याशी शामिल हैं। यह आंकड़ा नगर निकाय चुनाव में महिला सशक्तिकरण की मजबूत तस्वीर पेश करता है। वहीं वार्ड सदस्य पद के लिए 25 प्रत्याशियों ने पर्चा भरा, जिनमें 12 महिलाएं हैं।
चुनावी खर्च पर कड़ी नजर
प्रशासन ने चुनावी खर्चों की निगरानी के लिए व्यय अनुश्रवण प्रबंधन कोषांग का गठन किया है। प्रत्याशियों को व्यय लेखा पंजी तैयार करने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। रांची नगर निगम के महापौर और वार्ड सदस्य पद के उम्मीदवारों के लिए नौ फरवरी को समाहरणालय बी ब्लॉक के कमरा संख्या जी-10 में प्रशिक्षण आयोजित होगा। वहीं बुंडू नगर परिषद के उम्मीदवारों को इसी दिन अनुमंडल कार्यालय बुंडू में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
तीन चरणों में होगी खर्च की जांच
चुनावी खर्चों की जांच तीन चरणों में की जाएगी। रांची नगर निगम के प्रत्याशी 12, 16 और 20 फरवरी को अपने व्यय लेखा पंजी की जांच कराएंगे। बुंडू नगर परिषद क्षेत्र के उम्मीदवार भी इन्हीं तिथियों पर खर्च का ब्योरा प्रस्तुत करेंगे। प्रशासन ने साफ किया है कि नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण में 80 प्रतिशत उपस्थिति
नगर निगम चुनाव को लेकर पीठासीन और मतदान पदाधिकारियों के प्रशिक्षण के दूसरे दिन करीब 80 प्रतिशत कर्मी उपस्थित रहे। 1800 कर्मियों के लक्ष्य के मुकाबले 343 कर्मी अनुपस्थित पाए गए। यह प्रशिक्षण रांची विश्वविद्यालय के पीजी डिपार्टमेंट ब्लॉक-डी, मोरहाबादी में चल रहा है।
गैरहाजिर कर्मियों पर होगी कार्रवाई
प्रशिक्षण तीन पालियों में आयोजित किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि अनुपस्थित कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। आगामी चरणों में निगरानी और सख्ती और बढ़ाई जाएगी, ताकि मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न कराई जा सके।
No Comment! Be the first one.