News Saga Desk
झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी ने गुरुवार को एक उच्चस्तरीय बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में गृह सचिव, डीजीपी, नगर विकास सचिव सहित सभी जिलों के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक मौजूद रहे।
बैठक के दौरान राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कुछ जिलों द्वारा अब तक आवश्यक रिपोर्ट नहीं भेजे जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि चुनाव से जुड़ी सभी तैयारियों को तय समयसीमा में पूरा किया जाए।
निर्देशों के तहत गोड्डा, दुमका और सरायकेला-खरसावां जिलों से मतपेटिकाओं की आवश्यकता, उपलब्धता और मरम्मत से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। साथ ही मतदान केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों की आवश्यकता और उपलब्धता का आकलन करने को कहा गया है।
इसके अलावा निर्वाचन कर्मियों, निर्वाची पदाधिकारियों, पर्यवेक्षकों और अन्य संबंधित कर्मियों का प्रशिक्षण इसी महीने पूरा करने की योजना बनाई गई है। मेयर और अध्यक्ष पद के आरक्षण को जल्द अंतिम रूप देकर सार्वजनिक किया जाएगा।
राज्य निर्वाचन आयोग ने संकेत दिए हैं कि चुनाव की अधिसूचना जल्द जारी की जाएगी और मार्च से पहले नगर निकाय चुनाव संपन्न कराने का लक्ष्य रखा गया है।
No Comment! Be the first one.