News Saga Desk
रांची: रामनवमी के अवसर पर शुक्रवार को राजधानी रांची में मौसम ने अचानक करवट ली, लेकिन तेज आंधी और बारिश भी रामभक्तों के उत्साह को कम नहीं कर सकी. शहर के विभिन्न हिस्सों से निकली शोभायात्राओं में श्रद्धालुओं का जोश चरम पर नजर आया। “जय श्रीराम” के गगनभेदी नारों से पूरा शहर देर शाम तक गुंजायमान रहा।
बारिश के बीच भी जारी रहा उत्सव का उल्लास
तेज बारिश के बावजूद श्रद्धालु हाथों में महावीरी झंडे लेकर आगे बढ़ते रहे। लाल और पीले झंडों से सजी सड़कों पर भक्ति का रंग साफ झलक रहा था, कई स्थानों पर युवाओं ने लाठी-डंडों के साथ पारंपरिक करतब प्रस्तुत किए, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे, इस आयोजन में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर आयु वर्ग की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
प्रमुख इलाकों से निकलीं भव्य शोभायात्राएं
शहर के मेन रोड, अल्बर्ट एक्का चौक, हिंदपीढ़ी और डोरंडा समेत कई प्रमुख क्षेत्रों से भव्य शोभायात्राएं निकाली गईं. जगह-जगह श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया, बारिश के बावजूद किसी ने अपने कदम पीछे नहीं खींचे और भीगते हुए भी श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल रहे।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, ड्रोन से निगरानी
प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई, जबकि ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी रखी गई। अधिकारी पूरे समय हालात पर नजर बनाए रहे, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके, कुल मिलाकर, प्रतिकूल मौसम के बावजूद रांची में रामनवमी का उत्सव श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
No Comment! Be the first one.