News Saga Desk
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है। सकरा थाना क्षेत्र के रुपनपट्टी मथुरापुर पंचायत अंतर्गत नवलपुर मिश्रौलिया गांव में एक पिता ने अपनी तीन नाबालिग बेटियों के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जबकि उसके दो मासूम बेटे किसी तरह बच गए।
घटना रविवार रात की बताई जा रही है। मृतक की पहचान अमरनाथ राम (40) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अमरनाथ ने घर के अंदर अपनी बेटियों राधा कुमारी (11), राधिका (9) और शिवानी (7) को फांसी पर लटका दिया। इसके बाद उसने अपने दो बेटों शिवम कुमार (6) और चंदन (4) को भी फांसी लगाने की कोशिश की, लेकिन वे बच गए।
बताया जा रहा है कि फांसी लगाए जाने के बाद दोनों बेटे होश में थे और जोर-जोर से रोने लगे। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घर के अंदर का दृश्य देख ग्रामीणों के होश उड़ गए। तुरंत बच्चों को नीचे उतारा गया और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, दोनों बचे बच्चों को इलाज और सुरक्षा के लिए निगरानी में रखा गया है।
प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पारिवारिक स्थिति, आर्थिक हालात और मानसिक दबाव सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है। पड़ोसियों के अनुसार अमरनाथ का व्यवहार सामान्य था, जिससे यह मामला और भी रहस्यमय बन गया है। पुलिस हर एंगल से जांच के बाद ही इस दर्दनाक कदम के पीछे की वजह स्पष्ट होने की बात कह रही है।
No Comment! Be the first one.