News Saga Desk
आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले से शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही कावेरी ट्रैवल्स की एक प्राइवेट बस में अचानक आग लग गई, जिसमें 15 से अधिक यात्रियों की जलकर मौत हो गई है। यह दर्दनाक हादसा कुरनूल के चिन्नाटेकुर उपनगर में राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर हुआ।
जानकारी के अनुसार, बस में कुल 39 यात्री सवार थे। हादसे के दौरान बस कुरनूल के बाहरी इलाके में उलिंडकोंडा के पास एक दोपहिया वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बस के नीचे फंस गई और बस के ईंधन टैंक में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
उस समय ज्यादातर यात्री गहरी नींद में थे, जिससे कई लोग समय रहते बाहर नहीं निकल पाए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल को सूचना दी। राहत और बचाव दल ने घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सूत्रों के अनुसार, 12 यात्री झुलसकर घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद बस चालक और सहचालक मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान डीएनए जांच के बाद ही संभव होगी। अधिकांश यात्री हैदराबाद शहर के निवासी बताए जा रहे हैं।
No Comment! Be the first one.