मतदान के दौरान गिरिडीह में दिनदहाड़े फायरिंग, दो लोग घायल

News Saga Desk

गिरिडीह शहर के वार्ड नंबर 18 स्थित बक्सीडीह रोड पर सोमवार को मतदान के दौरान अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 4:30 बजे एक बूथ पर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। कुछ ही क्षणों में माहौल सामान्य से अफरा-तफरी में बदल गया। पहले तेज आवाज सुनाई दी, उसके बाद पता चला कि गोली चली है और दो लोग घायल हो गए हैं। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों ने तत्काल शटर गिरा दिए, जबकि लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

दो लोगों को लगी गोली, बेहतर इलाज के लिए रेफर

घटना में दो लोगों को गोली लगी है। घायलों में भंडारीडीह निवासी शमीम अंसारी (55) जिनकी कनपटी में गोली लगी है। वहीं शेरू अंसारी (26) के पैर में गोली लगी है। दोनों घायलों को तत्काल धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

नगर थाना क्षेत्र में पुलिस तैनात, जांच जारी

यह घटना नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को अपने नियंत्रण में ले लिया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

घटना का मतदान पर पड़ा असर

बूथ पर हुई हिंसक झड़प और फायरिंग की घटना का असर मतदान पर भी देखा गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिछले वर्ष की तुलना में इस बार करीब 2.66 प्रतिशत कम मतदान दर्ज किया गया है।

कारणों की जांच, आपसी विवाद की आशंका

फिलहाल विवाद के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। स्थानीय स्तर पर आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Read More News

Read More