News Saga Desk
भुवनेश्वर/झारसुगुड़ा। ओडिशा के झारसुगुड़ा जिला में रविवार (22 फरवरी 2026) तड़के एक भीषण सड़क हादसे में पांच पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य जीवन के लिए संघर्ष कर रहे हैं। यह दुर्घटना नेशनल हाईवे 49 पर उस समय हुई जब पुलिसकर्मियों का वाहन पत्थर चिप्स से लदे एक ट्रक से आमने-सामने टकरा गया।
जानकारी के अनुसार, कुल आठ पुलिसकर्मी लखनपुर थाना क्षेत्र के रेंगाली इलाके में एक पुलिस कांस्टेबल की शादी समारोह से लौट रहे थे। हादसा झारसुगुड़ा सदर पुलिस स्टेशन के सामने हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि पांच पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई।
गंभीर रूप से घायल तीन जवान
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और अन्य पुलिसकर्मियों ने क्षतिग्रस्त वाहन से घायलों को बाहर निकाला और तत्काल झारसुगुड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में तीन पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है तथा वाहन को जब्त कर लिया गया है।
जांच शुरू
पुलिस ने इस दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका के अनुसार तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की वजह हो सकती है, हालांकि विस्तृत जांच रिपोर्ट के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
यह हादसा पुलिस विभाग के लिए गहरा आघात साबित हुआ है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।
No Comment! Be the first one.