News Saga Desk
बोकारो जिले के चास थाना क्षेत्र अंतर्गत बंशीडीह गांव में बच्चा चोरी की अफवाह के कारण बड़ा हंगामा हो गया। उत्तर प्रदेश के संभल जिले से आए पांच साधुओं को ग्रामीणों ने बच्चा चोर समझ लिया और उनकी पिटाई कर दी। बताया गया कि साधु यूपी नंबर की गाड़ी से गांव में घूमते हुए भिक्षा मांग रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों को उन पर संदेह हुआ और देखते ही देखते अफवाह फैल गई। बिना किसी पुष्टि के उग्र भीड़ ने साधुओं को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पुलिस ने पहुंचकर बचाई जान
घटना की सूचना मिलते ही चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और साधुओं को भीड़ से सुरक्षित निकालकर थाने ले गई। मुख्यालय डीएसपी प्रवीण कुमार सिंह ने सभी से पूछताछ की। जांच के दौरान बच्चा चोरी से जुड़ा कोई भी प्रमाण नहीं मिला।
पूछताछ में निकले निर्दोष
जांच में स्पष्ट हुआ कि सभी साधु भिक्षाटन के उद्देश्य से क्षेत्र में आए थे और उनका किसी आपराधिक गतिविधि से कोई संबंध नहीं है। पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। डीएसपी ने कहा कि यदि साधु लिखित शिकायत देते हैं तो मारपीट में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील—अफवाहों से रहें सतर्क
एसपी हरविंदर सिंह ने लोगों से अपील की है कि बच्चा चोरी जैसी अफवाहों पर विश्वास न करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत स्थानीय थाना या डायल 112 पर दें। उन्होंने कहा कि कानून को अपने हाथ में लेना दंडनीय अपराध है और सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के किसी भी जानकारी को साझा करने से बचें।
अफवाहों से बिगड़ सकता है माहौल
इस घटना ने एक बार फिर साबित किया है कि अफवाहें किस तरह माहौल को पलभर में बिगाड़ सकती हैं। पुलिस ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और जिम्मेदार व्यवहार करने की अपील की है।
No Comment! Be the first one.