News Saga Desk
पश्चिमी विक्षोभ के असर से झारखंड में एक बार फिर ठंड ने जोर पकड़ लिया है। राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे सुबह और रात की ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार गुरुवार को झारखंड के आठ जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में शीतलहर भी चल सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक गढ़वा, पलामू, हजारीबाग, चतरा, लातेहार, गिरिडीह और देवघर जिलों में घने कोहरे का असर देखने को मिलेगा। वहीं अन्य जिलों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा, तेज कनकनी और ठंडी हवाएं चलने की संभावना है, जिससे आम लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।
तापमान में आई गिरावट
बुधवार को रांची का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे में 0.6 डिग्री और सामान्य से 0.8 डिग्री कम रहा। मेदिनीनगर में न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस रहा। रांची के ग्रामीण क्षेत्र कांके में गुरुवार को पारा गिरकर 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे ठंड काफी बढ़ गई।
जमशेदपुर में हालांकि न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई और यहां पारा 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले 24 घंटे की तुलना में 1.2 डिग्री अधिक है। वहीं बोकारो में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री, खूंटी में 6.8 डिग्री और लोहरदगा में 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बुधवार को राज्य के 12 जिलों में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहा। इनमें रांची, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू, रामगढ़, सिमडेगा, हजारीबाग, खूंटी और गुमला शामिल हैं। लगातार गिरते तापमान और कोहरे के कारण लोगों को खासतौर पर सुबह और रात के समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
No Comment! Be the first one.