हजारीबाग में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 1.3 क्विंटल मिलावटी पनीर और 40 लीटर मक्खन बरामद

NEWS SAGA DESK

हजारीबाग : हजारीबाग में उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्णापानी, चुरचू स्थित अनिल सिंह के खाद्य परिसर पर औचक छापेमारी की। छापेमारी के दौरान 1.3 क्विंटल मिलावटी पनीर, 40 लीटर मक्खन और 10 किलो मक्का स्टार्च जब्त किया गया। जांच में प्रथम दृष्टया मिलावटी पनीर और मक्खन के उत्पादन की पुष्टि हुई।

जब्त की गई सारी सामग्री को चरही थाना में सुरक्षित जमा कराया गया है। वहीं संदिग्ध पनीर और मक्खन के नमूने राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला, नामकुम भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद जब्त सामान नष्ट कर दिया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान परिसर में भारी गंदगी, अस्वच्छ माहौल और बिना FSSAI लाइसेंस के खाद्य निर्माण पाया गया। गंभीर उल्लंघनों के चलते खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत परिसर को अगली सूचना तक सील कर दिया गया।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रतिष्ठान में मिलावट या खराब गुणवत्ता का खाद्य पदार्थ दिखने पर तुरंत ‘फूड सेफ्टी कनेक्ट’ ऐप के जरिए शिकायत दर्ज करें, जिससे विभाग तुरंत कार्रवाई कर सके।

Read More News

Read More