दुबई में फंसे झारखंड के 14 प्रवासी मजदूर, वेतन न मिलने से भुखमरी की नौबत, सरकार से वतन वापसी की गुहार

News Saga Desk

झारखंड के प्रवासी मजदूरों के विदेश में फंसे होने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला गिरिडीह, हजारीबाग और बोकारो जिलों से जुड़े 14 प्रवासी मजदूरों का है, जो दुबई में गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं। मजदूरों का आरोप है कि संबंधित कंपनी उनसे तय समय से अधिक काम करवा रही है, लेकिन पिछले तीन महीनों से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। आर्थिक तंगी के चलते उन्हें रहने और खाने-पीने तक में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

वीडियो के जरिए मदद की गुहार

दुबई में फंसे मजदूरों ने अपनी पीड़ा को एक वीडियो के माध्यम से साझा करते हुए सरकार से मदद की अपील की है। यह वीडियो प्रवासी मजदूरों के हित में कार्य करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता सिकंदर अली को भेजा गया, जिसे उन्होंने मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक किया। वीडियो में मजदूरों ने बताया कि वेतन न मिलने के कारण वे दाने-दाने को मोहताज हो गए हैं और जल्द से जल्द वतन वापसी चाहते हैं।

केंद्र और राज्य सरकार से कूटनीतिक पहल की मांग

सामाजिक कार्यकर्ता सिकंदर अली ने कहा कि विदेशों में झारखंड के मजदूरों के फंसने की घटनाएं कोई नई बात नहीं हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की कि दुबई में फंसे मजदूरों की सुरक्षित वतन वापसी और लंबित वेतन भुगतान के लिए ठोस कूटनीतिक कदम उठाए जाएं। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले भी कई मजदूर अधिक कमाई की उम्मीद में विदेश गए और वहां फंस गए, जिनकी वापसी लंबी मशक्कत के बाद संभव हो सकी।

सऊदी अरब में मौत, तीन महीने बाद भी शव नहीं पहुंचा

सिकंदर अली ने एक अन्य गंभीर मामले की ओर ध्यान दिलाते हुए बताया कि गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत मधगोपाली पंचायत (दूधपनिया गांव) निवासी प्रवासी श्रमिक विजय कुमार महतो की 23 अक्टूबर 2025 को सऊदी अरब में मौत हो गई थी। घटना के तीन महीने बीत जाने के बावजूद न तो शव भारत लाया जा सका है और न ही परिजनों को किसी तरह का मुआवजा मिला है।

अक्टूबर 2025 में दुबई गए थे मजदूर

जानकारी के अनुसार, ये सभी मजदूर अक्टूबर 2025 में ईएमसी कंपनी में ट्रांसमिशन लाइन के कार्य के लिए दुबई गए थे। मजदूरों का कहना है कि बीते तीन महीनों से किसी को भी नियमित वेतन नहीं मिला, जिससे उनकी स्थिति बेहद दयनीय हो गई है।

दुबई में फंसे मजदूरों की सूची

  • गिरिडीह: चिचाकी के रोशन कुमार, अजय कुमार; तिरला के राजेश महतो, मंडरो; डुमरडेली के अजय कुमार
  • बोकारो: कंजकीरो के डालेश्वर महतो
  • हजारीबाग: खेदाडीह के जागेश्वर महतो, फालेन्द्र महतो; सिरैय के बैजनाथ महतो; पारजोरिया के दिलीप महतो, गंगाधर महतो, त्रिलोकी महतो; चकचुको बसरिया के दीपक कुमार; गोरहर के रोहित महतो और सेवा महतो

दुबई में फंसे इन सभी मजदूरों और उनके परिजनों ने सरकार से जल्द हस्तक्षेप कर वेतन भुगतान सुनिश्चित कराने और सुरक्षित वतन वापसी की मांग की है।

Read More News

Read More