रांची में GeM एक्सीलेंस इवेंट, सरकारी खरीद में पारदर्शिता पर जोर

News Saga Desk

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में बुधवार को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) द्वारा आयोजित जेम एक्सीलेंस इवेंट का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम धुर्वा स्थित प्रोजेक्ट भवन के एनेक्स बिल्डिंग ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ।

गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) भारत सरकार का एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसका उद्देश्य सरकारी खरीद प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, कुशल और समावेशी बनाना है। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को GeM प्लेटफॉर्म के माध्यम से डायरेक्ट परचेज, ई-बिडिंग और रिवर्स ऑक्शन जैसी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

इस अवसर पर केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, एमएसएमई उद्यमी, स्टार्टअप्स, महिला उद्यमी तथा अन्य हितधारक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

एमएसएमई और स्थानीय उत्पादकों को मिल रहा सीधा लाभ

कार्यक्रम में विशेष रूप से इस बात पर प्रकाश डाला गया कि GeM प्लेटफॉर्म किस तरह सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME), कारीगरों और स्थानीय उत्पादकों को सीधे सरकारी बाजार से जोड़ रहा है। विशेषज्ञों द्वारा GeM पोर्टल के प्रभावी उपयोग, डिजिटल प्रक्रियाओं और नवीन तकनीकों पर प्रस्तुतीकरण भी दिया गया।

साथ ही सरकारी खरीद प्रणाली में डेटा एनालिटिक्स और आधुनिक तकनीक के उपयोग से पारदर्शिता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

अधिकारियों ने रखे विचार

इस अवसर पर गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी (CEO) मिहिर कुमार ने GeM की भूमिका और इसके भविष्य की योजनाओं पर अपने विचार साझा किए। वहीं झारखंड सरकार के वाणिज्यिक कर विभाग के सचिव अमित कुमार ने राज्य में सरकारी खरीद प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ बनाने में GeM की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम को सरकारी खरीद प्रणाली में सुधार और डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Read More News

Read More