गर्मियों में पाएं नेचुरल ग्लो, घर पर बनाएं ये 3 ठंडक देने वाले फेस पैक

News Saga Desk

गर्मी का मौसम शुरू होते ही तेज धूप और पसीने का असर सबसे पहले चेहरे पर दिखने लगता है। त्वचा की प्राकृतिक चमक कम होने लगती है और कालापन, जलन व चिपचिपाहट जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं। ऐसे में महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स के बजाय घर में मौजूद प्राकृतिक चीजों से भी त्वचा की देखभाल की जा सकती है।

यहां हम आपको तीन ऐसे आसान घरेलू फेस पैक के बारे में बता रहे हैं, जो न केवल त्वचा को ठंडक पहुंचाते हैं, बल्कि गर्मी में भी चेहरे का नैचुरल ग्लो बरकरार रखते हैं।

मुल्तानी मिट्टी और गुलाब जल फेस पैक

गर्मियों में त्वचा के लिए मुल्तानी मिट्टी बेहद फायदेमंद मानी जाती है। यह चेहरे से अतिरिक्त तेल को सोखती है और मुंहासों की समस्या को कम करने में मदद करती है।

कैसे बनाएं:
दो चम्मच मुल्तानी मिट्टी में आवश्यकतानुसार गुलाब जल मिलाकर पेस्ट तैयार करें।

कैसे लगाएं:
इस पेस्ट को चेहरे पर लगाकर 15 मिनट तक छोड़ दें। सूखने के बाद ठंडे पानी से चेहरा धो लें। इससे त्वचा को तुरंत ठंडक और ताजगी मिलेगी।

खीरा और एलोवेरा फेस पैक

खीरा और एलोवेरा दोनों ही त्वचा को हाइड्रेट रखने में मदद करते हैं। धूप से झुलसी त्वचा के लिए यह पैक बेहद असरदार माना जाता है।

कैसे बनाएं:
आधे खीरे को कद्दूकस कर उसका रस निकाल लें और उसमें एक चम्मच एलोवेरा जेल मिलाएं।

कैसे लगाएं:
इस मिश्रण को चेहरे और गर्दन पर लगाएं। 20 मिनट बाद साफ पानी से धो लें। इससे त्वचा की जलन कम होगी और चेहरे पर निखार आएगा।

दही और बेसन फेस पैक

दही त्वचा को ठंडक देता है, जबकि बेसन डेड स्किन हटाकर त्वचा को साफ करता है। यह पैक टैनिंग दूर करने में भी कारगर है।

कैसे बनाएं:
एक चम्मच बेसन में दो चम्मच ताजा दही मिलाएं। चाहें तो इसमें चुटकी भर हल्दी भी मिला सकते हैं।

कैसे लगाएं:
इसे चेहरे पर लगाकर सूखने दें, फिर हल्के हाथों से रगड़ते हुए धो लें। इससे त्वचा साफ, मुलायम और चमकदार नजर आएगी।

गर्मियों में त्वचा की देखभाल के टिप्स

दिनभर में कम से कम 8-10 गिलास पानी जरूर पिएं

बाहर निकलने से पहले सनस्क्रीन का इस्तेमाल करें

चेहरे को दिन में 2-3 बार ठंडे पानी से धोएं

Disclaimer: यह आर्टिकल सामान्य जानकारियों और मान्यताओं पर आधारित है.

Read More News

Read More