News Saga Desk
बर्मिंघम। इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम टेस्ट में भारत ने 587 रन बना दिए। कप्तान शुभमन गिल ने 269 रन की पारी खेलकर सुनील गावस्कर, सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली जैसे दिग्गजों के रिकॉर्ड तोड़े। वे सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले भारतीय कप्तान बने। वहीं भारत ने 18 साल बाद इंग्लैंड में 500 रन का आंकड़ा पार किया।
IND vs ENG बर्मिंघम टेस्ट के रिकॉर्ड्स…
1. 25 की उम्र में 2 फॉर्मेट में दोहरे शतक
कप्तान शुभमन गिल ने बर्मिंघम में पहले दिन शतक लगाया, जिसे दूसरे दिन उन्होंने डबल सेंचुरी में बदल दिया। 25 साल के शुभमन 269 रन बनाकर आउट हुए। यह टेस्ट में उनका पहला ही दोहरा शतक रहा। वे 23 साल की उम्र में वनडे फॉर्मेट में भी डबल सेंचुरी लगा चुके हैं। शुभमन 2 अलग-अलग फॉर्मेट में दोहरा शतक लगाने वाले सबसे युवा प्लेयर बने। उन्होंने रोहित का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 32 साल की उम्र में दोनों फॉर्मेट में डबल सेंचुरी लगाई थी।
2. शुभमन ने इंग्लैंड में बेस्ट स्कोर बनाया
शुभमन इंग्लैंड में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले भारतीय प्लेयर भी बने। उन्होंने सुनील गावस्कर का 46 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। गावस्कर ने 1979 में द ओवल के मैदान पर 221 रन बनाए थे। इन 2 के अलावा राहुल द्रविड़ ही 2002 में इंग्लैंड के मैदान पर दोहरा शतक लगा सके हैं।
3. एशिया के बाहर बेस्ट टेस्ट स्कोर बनाने वाले भारतीय
शुभमन एशिया के बाहर भी सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले भारतीय बने। उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2004 में सिडनी के मैदान पर 241 रन बनाए थे।
4. भारतीय कप्तान का बेस्ट स्कोर
शुभमन की डबल सेंचुरी किसी भारतीय कप्तान का भी टेस्ट में बेस्ट स्कोर रहा। उन्होंने विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2019 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ पुणे में 254 रन की नॉटआउट इनिंग खेली थी।
5. एशिया के बाहर बेस्ट स्कोर बनाने वाले एशियन कैप्टन
शुभमन एशिया के बाहर सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले एशियन प्लेयर भी बने। उन्होंने श्रीलंका के मारवान अटापट्टू का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2004 में जिम्बाब्वे में 249 रन बनाए थे। विराट कोहली 2016 में वेस्टइंडीज के मैदान पर 200 रन बना चुके हैं।
6. दोहरा शतक लगाने वाले छठे भारतीय कप्तान बने
शुभमन ने अपने टेस्ट करियर का पहला ही दोहरा शतक लगाया, लेकिन यह उन्होंने अपनी कप्तानी में किया। वे टेस्ट में डबल सेंचुरी लगाने वाले छठे भारतीय कप्तान बने। विराट कोहली, एमएस धोनी, सचिन तेंदुलकर, सुनील गावस्कर और मंसूर अली खां पटौदी भी बतौर कप्तान दोहरा शतक लगा चुके हैं।
7. इंग्लैंड में भारतीय कप्तान का बेस्ट स्कोर बनाया
शुभमन ने इंग्लैंड में भारतीय कप्तान के रूप में भी बेस्ट स्कोर बनाया। उन्होंने मोहम्मद अजहरुद्दीन को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 1990 में मैनचेस्टर के मैदान पर 179 रन की पारी खेली थी।
8. इंग्लैंड में विदेशी कप्तान का तीसरा बेस्ट स्कोर
शुभमन के 269 रन इंग्लैंड में किसी विदेशी कप्तान का तीसरा बेस्ट स्कोर रहा। वे साउथ अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ से आगे निकले, जिन्होंने लॉर्ड्स स्टेडियम में 259 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया के बॉब सिम्प्सन 311 रन बनाकर पहले नंबर पर हैं।
9. भारत के बाहर 250+ बनाने वाले तीसरे भारतीय
शुभमन गिल भारत के बाहर 250 से ज्यादा का टेस्ट स्कोर बनाने वाले तीसरे ही भारतीय बने। उनसे पहले वीरेंद्र सहवाग और राहुल द्रविड़ ही ऐसा कर सके। दोनों ने पाकिस्तान ने 250 प्लस का स्कोर बनाया था।
10. शुभमन ने अपना बेस्ट फर्स्ट क्लास स्कोर बनाया
शुभमन गिल ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में भी अपना बेस्ट स्कोर बना लिया। इससे पहले 2018 में उन्होंने मोहाली के मैदान पर तमिलनाडु के खिलाफ 268 रन बनाए थे। तब वे अपनी घरेलू टीम पंजाब के लिए खेल रहे थे।
11. SENA देशों में जडेजा का 8वीं 50+ स्कोर
साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया (SENA) में रवींद्र जडेजा ने 8वीं बार 50 या उससे ज्यादा का स्कोर बनाया। SENA देशों में वे एमएस धोनी के बाद सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने वाले भारतीय बन गए। धोनी के नाम 10 और जडेजा के नाम 8 बार 50+ स्कोर हैं।

रवींद्र जडेजा ने इंग्लैंड में एक शतक भी लगाया है।
12. इंग्लैंड में 18 साल बाद 550+ रन बनाए
भारत ने इंग्लैंड में 18 साल बाद 550 से ज्यादा का टीम स्कोर बनाया। टीम ने 2007 में आखिरी बार द ओवल के मैदान पर 664 रन बनाकर मुकाबला ड्रॉ कराया था। 587 रन इंग्लैंड में भारत का चौथा ही बेस्ट टेस्ट स्कोर है।
13. जडेजा की इंग्लैंड में दूसरी बार डबल सेंचुरी पार्टनरशिप
रवींद्र जडेजा ने कप्तान शुभमन गिल के साथ छठे विकेट के लिए 203 रन की पार्टनरशिप की। इंग्लैंड में छठे विकेट के लिए भारत से बेस्ट साझेदारी में भी जडेजा शामिल हैं। उन्होंने 2022 में ऋषभ पंत के साथ 222 रन जोड़े थे।
14. 5 विकेट गिरने के बाद भारत का बेस्ट स्कोर
टीम इंडिया ने अपना 5वां विकेट महज 211 रन के स्कोर पर गंवा दिया था। यहां से टीम ने 376 रन और जोड़ दिए। 5 विकेट गिरने के बाद यह टीम इंडिया का बेस्ट स्कोर रहा। इससे पहले 2013 में वेस्टइंडीज के खिलाफ कोलकाता में टीम ने 5 विकेट गिरने के बाद 370 रन और बनाए थे।
15. 2025 में सबसे ज्यादा सेंचुरी गिल के नाम
शुभमन गिल ने साल 2025 में चौथी सेंचुरी लगाई। उनके नाम टेस्ट और वनडे दोनों में 2-2 शतक हैं। वे इस साल सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले प्लेयर बने। गिल वेस्टइंडीज के कीसी कार्टी और इंग्लैंड के बेन डकेट से आगे निकले। दोनों के नाम इस साल 3-3 शतक हैं।
No Comment! Be the first one.