News Saga Desk
हजारीबाग : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मंगलवार को विष्णुगढ़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) का औचक निरीक्षण किया। मंत्री के अचानक पहुंचने से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और अधिकारी व कर्मचारी तत्काल सक्रिय हो गए।
बता दें की, निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का बारीकी से आकलन किया। उन्होंने डॉक्टरों की उपस्थिति, मरीजों को मिल रही चिकित्सा सुविधाएं, दवाइयों की उपलब्धता और स्टाफ की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं भी जानीं।
मंत्री ने कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने मंत्री को बताया कि हाल के समय में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार देखने को मिला है। पहले की तुलना में अब अधिक मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं, जिससे लोगों का भरोसा भी बढ़ा है।
निरीक्षण के बाद डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा, “थोड़ा समय दीजिए, स्वास्थ्य व्यवस्था में बड़ा बदलाव नजर आएगा।” साथ ही, उन्होंने विपक्ष पर टिप्पणी करते हुए कहा कि केवल कमियां निकालने के बजाय सकारात्मक सुझाव देना जरूरी है, ताकि व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सके।
No Comment! Be the first one.