News Saga Desk
रांची। झारखंड में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। अगले 72 घंटों तक राज्य में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने राजधानी रांची सहित राज्य के कई जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। आज यानी शनिवार को 7 जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है, जबकि 7 जुलाई तक राज्य में मूसलाधार बारिश का अलर्ट है।
आज और कल इन जिलों पर रहेगा ज्यादा असर
मौसम विभाग के अनुसार, आज गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, रामगढ़ और बोकारो जिलों में भारी बारिश हो सकती है, जिसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 6 जुलाई को रांची में भारी बारिश की आशंका है।

प्रदेश में आज भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा, लोहरदगा, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम में भी इसी दिन भारी बारिश हो सकती है। गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम में तो बहुत भारी बारिश की संभावना है। जिसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
7 जुलाई तक अलर्ट, उत्तरी हिस्सों में अधिक प्रभाव
राज्य में 10 जुलाई तक अलग-अलग हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। 7 जुलाई को सिमडेगा, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले में भारी बारिश की चेतावनी के साथ यलो अलर्ट जारी किया गया है।
अगले दो दिनों में रांची समेत झारखंड के उत्तरी हिस्सों, खासकर संथाल परगना, उत्तर छोटानागपुर और कोल्हान प्रमंडल के जिलों में बारिश का असर ज्यादा रहेगा। हालांकि, 7 जुलाई की शाम से राज्य में मानसून की सक्रियता कुछ कम हो सकती है।
No Comment! Be the first one.