News Saga Desk
लंदन में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में झारखंड के मुख्यमंत्री ने राज्य के छात्रों और यहां के नागरिकों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम में शामिल ब्रिटिश अधिकारियों और डेलिगेट्स का भी स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड का इतिहास गौरवपूर्ण रहा है। उन्होंने आदिवासी नेताओं और स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि उनके बलिदान का उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को सशक्त बनाना था। उन्होंने जोर दिया कि शिक्षा ही युवा सशक्तिकरण का सबसे बड़ा माध्यम है।
उन्होंने कहा कि झारखंड में शिक्षा के क्षेत्र में कई चुनौतियां हैं, लेकिन राज्य सरकार लगातार यह प्रयास कर रही है कि सभी बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए अवसर मिले। इसके तहत सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की शुरुआत की गई है और उच्च शिक्षा के लिए छात्रों को आर्थिक सहायता देने हेतु गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड लॉन्च किया गया है। इस योजना के तहत छात्रों को बिना किसी कोलेटरल के 15 लाख रुपये तक की सहायता मिल सकेगी, जिसे वे अपनी पढ़ाई पूरी होने के बाद धीरे-धीरे लौटा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक मदद तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य छात्रों की क्षमता को और विकसित करना है ताकि वे किसी भी चुनौती का सामना कर सकें। उन्होंने लंदन में जिंदल समूह और अन्य सहयोगियों का भी धन्यवाद किया, जिनके प्रयासों से यह कार्यक्रम संभव हो पाया।
मुख्यमंत्री ने झारखंड की 25वीं वर्षगांठ का भी उल्लेख किया और कहा कि युवा राज्य की पूरी क्षमता को सकारात्मक दिशा में ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने छात्रों और युवा प्रतिनिधियों को भविष्य में आत्मविश्वास और साहस के साथ आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड एक शांत, मिलनसार और सौहार्दपूर्ण राज्य है, और यह विरासत आने वाली पीढ़ियों के साथ बनाए रखते हुए राज्य को और आगे बढ़ाया जाएगा।
No Comment! Be the first one.