हिजाब विवाद पर विराम: डॉ. नुसरत परवीन शनिवार को जॉइन करेंगी, अफवाहें खारिज

News Saga Desk

बिहार में हिजाब विवाद से जुड़ी आयुष चिकित्सक डॉ. नुसरत परवीन को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर अब पूरी तरह विराम लग गया है। संस्थान प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि डॉ. नुसरत परवीन शनिवार को औपचारिक रूप से अपनी सेवा में योगदान देंगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जुड़े एक कार्यक्रम के दौरान हुए घटनाक्रम के बाद उनके नौकरी न करने या ठुकराने की खबरें सामने आई थीं, जिन्हें अब भ्रामक बताया गया है

राजकीय तिब्बी महाविद्यालय एवं अस्पताल प्रशासन के अनुसार, डॉ. नुसरत परवीन ड्यूटी जॉइन करेंगी और उनकी सेवा को लेकर किसी तरह की अनिश्चितता नहीं है। प्रशासन ने बताया कि डॉ. नुसरत इसी महाविद्यालय की पूर्व छात्रा रही हैं और वह लगातार संस्थान के संपर्क में बनी हुई हैं।

अस्पताल के प्राचार्य डॉ. महफूजुर रहमान ने साफ कहा कि डॉ. नुसरत के कोलकाता चले जाने या नौकरी छोड़ने से जुड़ी खबरें पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने बताया कि डॉ. नुसरत परवीन पटना सिटी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) सदर में अपनी सेवाएं देंगी।

डॉ. महफूजुर रहमान ने सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बिना किसी ठोस जानकारी के ऐसी खबरें फैलाई गईं, जिससे डॉ. नुसरत परवीन और उनके परिवार को मानसिक रूप से काफी परेशानी झेलनी पड़ी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह प्रचार गलत था कि डॉ. नुसरत ने नौकरी छोड़ दी है या राज्य से बाहर चली गई हैं, जबकि वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग है।

Read More News

Read More