News Saga Desk
हॉकी इंडिया ने सोमवार को यानि आज ‘8वें वार्षिक पुरस्कार 2025’ के लिए नामांकित खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी है। यह प्रतिष्ठित समारोह 27 मार्च 2026 को नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा, जिसमें वर्ष 2025 के दौरान भारतीय हॉकी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा।
इस समारोह का मुख्य आकर्षण ‘हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सीनियर वर्ष के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी पुरस्कार’ होगा, जो पुरुष और महिला वर्ग के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए ‘जुगराज सिंह उभरते खिलाड़ी (पुरुष अंडर-21)’ और ‘असुंता लकड़ा उभरती खिलाड़ी (महिला अंडर-21)’ पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
पोजीशन के आधार पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए भी विशेष पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। इनमें ‘बलजीत सिंह वर्ष के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर’, ‘परगट सिंह वर्ष के सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर’, ‘अजीत पाल सिंह वर्ष के सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर’ और ‘धनराज पिल्लै वर्ष के सर्वश्रेष्ठ फॉरवर्ड’ शामिल हैं। इन आठ श्रेणियों में कुल 32 खिलाड़ियों को अंतिम सूची में जगह मिली है।
इसके अतिरिक्त समारोह में ‘हॉकी इंडिया अध्यक्ष उत्कृष्ट उपलब्धि पुरस्कार’, ‘जमन लाल शर्मा अमूल्य योगदान पुरस्कार’, अंपायर एवं तकनीकी अधिकारियों के लिए विशेष सम्मान और सर्वश्रेष्ठ सदस्य इकाई पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
समारोह के दौरान 2025 में बिहार के राजगीर में आयोजित एशिया कप में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष टीम और तमिलनाडु में आयोजित एफआईएच मेंस जूनियर वर्ल्ड कप में कांस्य पदक हासिल करने वाली भारतीय जूनियर पुरुष टीम को भी सम्मानित किया जाएगा। साथ ही 15वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली सदस्य इकाइयों को भी मान्यता दी जाएगी।
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिर्की ने कहा कि यह भारतीय हॉकी के लिए महत्वपूर्ण समय है और पिछले वर्ष के उत्कृष्ट प्रदर्शन को पहचान देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ये पुरस्कार खिलाड़ियों और अधिकारियों के समर्पण और उपलब्धियों का सम्मान हैं।
वहीं, महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा कि ये सम्मान खिलाड़ियों, कोचों, अधिकारियों और सदस्य इकाइयों के सामूहिक प्रयासों को मान्यता देते हैं, जिन्होंने भारतीय हॉकी को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
नामांकित खिलाड़ियों की सूची
सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर (बलजीत सिंह पुरस्कार):
प्रिंस दीप सिंह, कृष्ण बहादुर पाठक, बिचु देवी खारीबाम, सूरज करकेरा
सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर (परगट सिंह पुरस्कार):
संजय, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, हरमनप्रीत सिंह
सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर (अजीत पाल सिंह पुरस्कार):
हार्दिक सिंह, सुमित, राज कुमार पाल, नीलकांत शर्मा
सर्वश्रेष्ठ फॉरवर्ड (धनराज पिल्लै पुरस्कार):
सुखजीत सिंह, अभिषेक, नवनीत कौर, शिलानंद लकड़ा
उभरती खिलाड़ी (महिला अंडर-21, असुंता लकड़ा पुरस्कार):
साक्षी राणा, ज्योति सिंह, सुनेलिता टोप्पो, कनिका सिवाच
उभरते खिलाड़ी (पुरुष अंडर-21, जुगराज सिंह पुरस्कार):
प्रिंस दीप सिंह, मनमीत सिंह, अनमोल एक्का, अर्शदीप सिंह
वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी (बलबीर सिंह सीनियर पुरस्कार):
नवनीत कौर, सलीमा टेटे, लालरेमसियामी, सविता
वर्ष के सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी (बलबीर सिंह सीनियर पुरस्कार):
हार्दिक सिंह, सुखजीत सिंह, संजय, अभिषेक
No Comment! Be the first one.