हजारीबाग में होमगार्ड अभ्यर्थियों ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन, नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने की अपील

News Saga Desk

रांची। हजारीबाग होमगार्ड विज्ञापन संख्या 01/2019 के तहत चयनित 1298 अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूर्ण करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन डुमरी विधायक टाइगर जयराम महतो के दिशा-निर्देश और हजारीबाग विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी (JLKM) उदय मेहता के नेतृत्व में सौंपा गया। उदय मेहता ने राज्यपाल को बताया कि नियुक्ति की मांग को लेकर अभ्यर्थी पिछले 114 दिनों से धरना दे रहे हैं, हजारीबाग से रांची तक पैदल मार्च किया गया, भिक्षाटन और नगर भ्रमण जैसे कई आंदोलनों के बावजूद सरकार से केवल आश्वासन ही मिला है। राज्यपाल ने मामले की गंभीरता को समझते हुए मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से बातचीत कर नियुक्ति प्रक्रिया को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर JLKM के केंद्रीय महासचिव उदय मेहता के साथ हजारीबाग नवनियुक्त होमगार्ड संघ के अध्यक्ष रंकज सिंह, सचिव जीतू मेहता, प्रवीण कुमार, अनिल कुमार, दीपक मेहता, सुधीर कुमार समेत कई अभ्यर्थी मौजूद थे।


Read More News

Read More