दिल्ली ब्लास्ट के बाद लाल किला तीन दिनों तक रहेगा बंद, सुरक्षा बढ़ाई गई

News Saga Desk

दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार, 10 नवंबर की शाम हुए भीषण विस्फोट में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी हैं और पूरे क्षेत्र में कड़ी घेराबंदी कर दी गई है। इसी के तहत दिल्ली पुलिस ने लाल किला परिसर को तीन दिनों तक आम पर्यटकों के लिए बंद रखने का निर्णय लिया है।

दिल्ली पुलिस द्वारा सुपरिटेंडिंग आर्कियोलॉजिस्ट को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि 10 नवंबर को नेताजी सुभाष मार्ग स्थित लाल किला चौक के पास एक कार में बम विस्फोट हुआ था। क्राइम सीन की जांच जारी है, इसलिए 11 नवंबर से 13 नवंबर 2025 तक लाल किले को पर्यटकों के लिए बंद रखा जाएगा।

विस्फोट के मामले में दिल्ली पुलिस ने गैरकानूनी गतिविधियां (निवारण) अधिनियम (UAPA) और विस्फोटक अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की है। जांच एजेंसियां विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं। राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हाई अलर्ट घोषित किया गया है और हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों तथा बस अड्डों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

अधिकारियों के अनुसार, लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में हुए विस्फोट से आसपास के कई वाहन जल गए और क्षेत्र में भारी अफरा-तफरी मच गई। पुलिस व जांच एजेंसियां घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही हैं ताकि दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।

Read More News

रामनवमी से पहले रांची में हाई अलर्ट, डीजीपी की बैठक में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सख्त निर्देश

राजधानी रांची में आगामी रामनवमी पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में...

उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के दौरे से पहले रांची-खूंटी में हाई अलर्ट, 22 पुलिस अधिकारी तैनात

रांची: उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के 28 मार्च को प्रस्तावित रांची और खूंटी दौरे को लेकर झारखंड...

Read More