NEWS SAGA DESK
मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में बुधवार सुबह चुनार रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा हो गया। नेताजी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से आठ श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जिनमें छह महिलाएं शामिल हैं। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना सुबह करीब 9:30 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर हुई। जानकारी के अनुसार, चोपन से आई पैसेंजर ट्रेन स्टेशन पर रुकी थी। कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु ट्रेन से उतरे। भीड़ अधिक होने के कारण कुछ लोग प्लेटफॉर्म से न उतरकर सीधे ट्रैक पर उतरने लगे। उसी समय तेज गति से आ रही नेताजी एक्सप्रेस उसी लाइन से गुजर गई और अचानक हुए हादसे में कई श्रद्धालु उसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि रेलवे ट्रैक पर चारों ओर शव और उनके अवशेष बिखर गए। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों को एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कई घायलों का इलाज जिला अस्पताल और अन्य केंद्रों में जारी है। मृतकों में अधिकांश कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए गंगा घाट जा रहे थे। अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन मनीष मिश्रा के अनुसार, मृतकों में छह महिलाओं की पहचान हो चुकी है। इनमें सविता (28), साधना (16), शिव कुमारी (12), अप्पू देवी (20), सुशीला देवी (60) और कलावती देवी (50) शामिल हैं। बाकी मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत व बचाव कार्य शुरू कराया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और अधिकारियों को घायलों के उपचार एवं राहत कार्यों को पूरी तत्परता से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
No Comment! Be the first one.