लाल किला धमाका केस: मेवात से मौलवी गिरफ्तार, अल-फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़ा आतंकी नेटवर्क बेनकाब

NEWS SAGA DESK

श्रीनगर : दिल्ली में लाल किला धमाके की जांच के दौरान जम्मू-कश्मीर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हरियाणा के मेवात से एक मौलवी इश्तियाक को हिरासत में लिया है, जो फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़े आतंकी नेटवर्क का हिस्सा बताया जा रहा है। जांच में खुलासा हुआ है कि यह नेटवर्क लंबे समय से शिक्षित और पेशेवर लोगों की आड़ में “सफेदपोश आतंकवाद” को बढ़ावा दे रहा था।

पुलिस के अनुसार, इश्तियाक फरीदाबाद स्थित अल-फलाह यूनिवर्सिटी परिसर के अंदर एक किराए के मकान में रह रहा था। उसकी संदिग्ध गतिविधियों का पता चलने पर श्रीनगर पुलिस की टीम ने बुधवार को मेवात में छापेमारी कर उसे हिरासत में लिया।

ठिकाने से मिला 2,500 किलो विस्फोटक

छापेमारी के दौरान पुलिस को मकान से करीब 2,500 किलो अमोनियम नाइट्रेट, पोटेशियम क्लोरेट और सल्फर मिला, जो विस्फोटक तैयार करने में उपयोग किए जाते हैं। अधिकारियों का कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा में बरामद सामग्री किसी बड़े आतंकी हमले की साजिश का संकेत देती है। मौलवी इश्तियाक को पूछताछ के लिए श्रीनगर लाया गया है और उसकी गिरफ्तारी जल्द दर्ज की जाएगी।

9 आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी

यह इस मामले में नौवीं गिरफ्तारी है। इससे पहले 10 नवंबर को पुलिस ने हरियाणा और उत्तर प्रदेश में एक साथ छापेमारी कर कई संदिग्धों को पकड़ा था। जांच में पता चला कि यह नेटवर्क प्रतिबंधित आतंकी संगठनों जैश-ए-मोहम्मद (JeM) और अंसार गजवत-उल-हिंद से जुड़ा हुआ है।

लाल किला धमाके से सीधा संबंध

पुलिस जांच में सामने आया कि यह नेटवर्क हाल ही में दिल्ली के लाल किले के बाहर हुए कार धमाके से जुड़ा हुआ है। सोमवार (10 नवंबर 2025) की शाम हुए इस धमाके में 9 लोगों की मौत हुई थी। अधिकारियों के अनुसार, विस्फोटक सामग्री डॉ. मुज़म्मिल गनी उर्फ मुसैब और डॉ. उमर नबी के किराए के मकान में रखी गई थी। उमर नबी वही व्यक्ति था, जो धमाके के समय विस्फोटकों से भरी कार चला रहा था।

शिक्षित चेहरों के पीछे छिपा आतंक

पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह नेटवर्क डॉक्टरों, मौलवियों और शिक्षण संस्थानों से जुड़े लोगों से मिलकर बना था, ताकि किसी को उन पर शक न हो। समाज में सामान्य दिखने वाले ये लोग आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।

जांच जारी, और गिरफ्तारियां संभव

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया कि कई और संदिग्धों की पहचान की जा चुकी है। इस मामले की जांच में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) भी शामिल हैं। हरियाणा, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में लगातार छापेमारी जारी है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Read More News

रामनवमी से पहले रांची में हाई अलर्ट, डीजीपी की बैठक में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सख्त निर्देश

राजधानी रांची में आगामी रामनवमी पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में...

उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के दौरे से पहले रांची-खूंटी में हाई अलर्ट, 22 पुलिस अधिकारी तैनात

रांची: उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के 28 मार्च को प्रस्तावित रांची और खूंटी दौरे को लेकर झारखंड...

Read More