News Saga Desk
बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर जारी हिंसा के बीच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से जुड़ा एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ICC ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड BCB की उस मांग को खारिज कर दिया है, जिसमें उसने आगामी ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने मैचों को भारत के बजाय श्रीलंका में कराने का आग्रह किया था।
ESPNcricinfo की रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार को ICC और BCB के बीच एक वर्चुअल बैठक हुई। बैठक के दौरान BCB ने भारत में बांग्लादेशी खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और मैचों को भारत से बाहर स्थानांतरित करने की अपील की। हालांकि ICC ने इस अनुरोध को स्वीकार करने से इनकार कर दिया।
ICC ने साफ कर दिया है कि बांग्लादेश की सीनियर पुरुष राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भारत आकर ही T20 वर्ल्ड कप के मुकाबले खेलने होंगे। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि बांग्लादेश की टीम भारत आकर मैच नहीं खेलती है, तो उसे अंक गंवाने पड़ सकते हैं। फिलहाल इस बैठक को लेकर ICC या BCB की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि ICC T20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 7 फरवरी से भारत में होगी। पहला मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स में बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच खेला जाएगा। इसके बाद बांग्लादेश टीम 9 फरवरी को इटली और 14 फरवरी को इंग्लैंड से, दोनों मुकाबले कोलकाता में ही खेलेगी। वहीं 17 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में बांग्लादेश और नेपाल के बीच मैच निर्धारित है।
इस विवाद की पृष्ठभूमि आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी से भी जुड़ी मानी जा रही है। 16 दिसंबर को अबु धाबी में हुई नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स KKR ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। लेकिन बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर कथित अत्याचार की खबरों के बाद सोशल मीडिया पर मुस्तफिजुर को आईपीएल में शामिल किए जाने का विरोध शुरू हो गया।
इसके बाद BCCI के निर्देश पर केकेआर ने मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज कर दिया। इसी फैसले के बाद विवाद और गहरा गया और BCB ने T20 वर्ल्ड कप के अपने मैच भारत से बाहर कराने की मांग तेज कर दी थी, जिसे अब ICC ने सिरे से खारिज कर दिया है।
No Comment! Be the first one.