NEWS SAGA DESK
धनबाद: जिले के कतरास थाना क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार से जुड़े तस्करों का आतंक एक बार फिर सामने आया है। शुक्रवार को अवैध बालू लदे ट्रैक्टर चालक ने मामूली विवाद के बाद एक बाइक सवार को ट्रैक्टर से कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने राजगंज–महुदा मुख्य मार्ग NH-32 को जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, कंको मूसा पहाड़ी पुल के पास एक ट्रैक्टर रॉन्ग साइड से आ रहा था। इसी दौरान बाइक सवार पिता और पुत्री ने इसका विरोध किया, जिस पर ट्रैक्टर चालक से कहासुनी हो गई। आरोप है कि गुस्से में आकर चालक ने जानबूझकर बाइक सवार पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। इस घटना में बाइक चला रहे व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पुत्री बाल-बाल बच गई।
मृतक की पहचान महावीर महतो (50) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों और मृतक की पुत्री के अनुसार, घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। हादसे से पुत्री गहरे सदमे में है।
घटना की खबर फैलते ही इलाके में तनाव फैल गया। गुस्साए लोगों ने NH-32 को जाम कर अवैध बालू कारोबार पर रोक लगाने और आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना पर कतरास, तेतुलमारी, बाघमारा और बरोरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जबकि फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश तेज कर दी गई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बालू ढुलाई जारी है, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने से तस्करों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। लोगों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
No Comment! Be the first one.