News Saga Desk
वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) दावोस के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से ग्लोबल इंफोसिस, कैलिफोर्निया के एक्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट आशीष कुमार दास ने मुलाकात की। इस अवसर पर झारखंड के दीर्घकालिक विकास विजन और तकनीक आधारित प्रगति की दिशा में सहयोग की संभावनाओं को लेकर विस्तृत और उत्साहवर्धक चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान इंफोसिस प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कार्यों और विजन की सराहना की। विशेष रूप से राज्य में प्रतिभाओं के पुनः कौशल विकास (री-स्किलिंग), टेक्नोलॉजी टॉवर की परिकल्पना और उन्नत तकनीकी हस्तक्षेपों के माध्यम से खनन क्षेत्र के डिजिटल परिवर्तन को लेकर सरकार की सोच को महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक बताया।
युवाओं को डिजिटल और AI कौशल से सशक्त बनाने पर सहमति
बैठक में झारखंड के युवाओं को डिजिटल तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े कौशलों से सशक्त बनाने पर सहमति बनी। इस दिशा में इंफोसिस के ‘विंग्सपैन’ प्लेटफॉर्म की संभावित भूमिका पर आगे चर्चा किए जाने का प्रस्ताव रखा गया। इसके साथ ही खनन क्षेत्र में उत्पादकता, सुरक्षा और कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए इंफोसिस द्वारा विकसित एआई आधारित डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन समाधानों को प्रस्तुत करने पर भी सहमति बनी। इसे लेकर फरवरी माह में एक वर्चुअल सत्र आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
तकनीकी सहयोग को आगे बढ़ाने की पहल
इंफोसिस ग्लोबल की ओर से मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों को इंफोसिस हाउस भ्रमण का आमंत्रण दिया गया, जहां कंपनी द्वारा विकसित अत्याधुनिक एआई आधारित नवाचारों का प्रदर्शन किया जाएगा।
यह बैठक झारखंड में डिजिटल परिवर्तन, कौशल विकास और तकनीक आधारित औद्योगिक प्रगति को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। दावोस में आईटी, एआई और अन्य उभरती तकनीकों को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की लगातार हो रही बैठकों से युवा झारखंड को एक मजबूत और भविष्य उन्मुख दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
No Comment! Be the first one.