चाईबासा में मुर्गे के विवाद में भतीजे ने 50 वर्षीय चाचा की कुल्हाड़ी-लाठी से की ह’त्या

News Saga Desk

चाईबासा के टोंटो थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें 50 वर्षीय दामू सिंकू की जान चली गई। सेरेंगसिया गांव के पदमपुर टोला निवासी दामू सिंकू की कथित तौर पर कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से पिटाई की गई, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मुर्गे को लेकर शुरू हुआ विवाद, देखते ही देखते बढ़ा झगड़ा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दामू सिंकू का अपने भतीजे और कुछ पड़ोसियों के साथ मुर्गे को लेकर विवाद हुआ था। शुरुआत में यह कहासुनी तक सीमित रहा, लेकिन कुछ ही देर में मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।

कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला, सिर पर गंभीर चोट

आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपितों ने मिलकर दामू सिंकू पर कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण वह मौके पर ही गिर पड़े और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। ग्रामीणों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी।

इलाज में देरी और एंबुलेंस नहीं मिलने से गई जान

घायल दामू सिंकू को पहले टोंटो स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां समुचित इलाज की सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें रात करीब 10 बजे सदर अस्पताल, चाईबासा रेफर किया गया। वहां से डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रांची स्थित रिम्स भेजने की सलाह दी। हालांकि, एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं हो सकी और आर्थिक तंगी के कारण परिजन उन्हें रांची नहीं ले जा पाए। इलाज के अभाव में रात में ही उनकी मौत हो गई।

परिजनों में कोहराम, ग्रामीणों में आक्रोश

मृत्यु की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में शोक के साथ-साथ गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर बेहतर इलाज और एंबुलेंस की सुविधा मिल जाती, तो दामू सिंकू की जान बच सकती थी।

भतीजे समेत पांच के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज

मृतक के परिजनों की शिकायत पर टोंटो थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में भतीजे सहित परगना सिंकू, डोबरो सिंकू, किशनू सिंकू और पेलंग सिंकू को नामजद आरोपी बनाया गया है।

आरोपियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी

टोंटो थाना प्रभारी सुकुमार हेंब्रम ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सख्त कार्रवाई की मांग तेज

घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस मामले में सख्त कदम उठाना जरूरी है।

Read More News

पलामू के शताब्दी मार्केट में JMM नेता ह’त्या कांड के गवाह गुड्डू खलीफा की देर रात गोली मारकर ह’त्या

पलामू प्रमंडल मुख्यालय मेदिनीनगर में देर रात हुई ताबड़तोड़ फायरिंग ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी।...

SRI ग्रामीण औद्योगीकरण संस्थान का 42वाँ स्थापना दिवस संपन्न: स्वरोजगार और हुनर से बदली ग्रामीण झारखंड की तस्वीर

रांची : ग्रामीण विकास और स्वावलंबन के क्षेत्र में कार्यरत प्रतिष्ठित संस्था SRI ग्रामीण औद्योगीकरण...

Read More