News Saga Desk
धनबाद: केंदुआ मोड़ क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। फल बेचने वाले एक दुकानदार को कार से करीब 100 मीटर तक घसीटने के बाद चलती गाड़ी से सड़क पर फेंक दिया गया। इस घटना में दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके सिर में चोट आई है।
शराब पीने को लेकर शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत कार में बैठे एक व्यक्ति के ठेले के सामने शराब पीने से हुई। फल विक्रेता ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने दुकानदार के साथ गाली-गलौज करते हुए उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद उसने दुकानदार को जबरन कार में खींच लिया।
100 मीटर तक कार से घसीटता रहा आरोपी
कार में बैठे आरोपी ने दुकानदार को पकड़कर घसीटना शुरू कर दिया, जबकि उसके साथी ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। इस दौरान दुकानदार करीब 100 मीटर तक कार के साथ घसीटता रहा और सड़क पर गिरते-पड़ते बुरी तरह घायल हो गया। कुछ दूर जाने के बाद आरोपी ने उसे चलती कार से सड़क पर फेंक दिया।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल दुकानदार को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। वहीं, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद केंदुआ थाना पुलिस हरकत में आई और एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। हालांकि कार चालक और वाहन अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
No Comment! Be the first one.